कोलकाता: पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के केशपुर विधानसभा क्षेत्र में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। करंट लगने से भाजपा के एक कार्यकर्ता की मौत हो गई, जबकि भाजपा मंडल अध्यक्ष समेत तीन अन्य कार्यकर्ता घायल हो गए। घटना सोमवार को आनंदपुर थाना क्षेत्र के बुरापाट पांचखुरी इलाके में हुई।
ध्वजारोहण के दौरान हुआ हादसा
पुलिस और भाजपा सूत्रों के अनुसार, जयंती कार्यक्रम के तहत पार्टी कार्यालय के सामने ध्वजारोहण की तैयारी चल रही थी। झंडा फहराने के लिए एक लंबे लोहे के पाइप का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी दौरान पाइप पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की तार से छू गया, जिससे वहां मौजूद चार भाजपा कार्यकर्ता करंट की चपेट में आ गए।
भाजपा कार्यकर्ता की मौत
हादसे में 26 वर्षीय पापाई पान गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तुरंत चंद्रकोणा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पापाई पान भाजपा के केशपुर-3 मंडल के सक्रिय कार्यकर्ता थे।
तीन कार्यकर्ता घायल, अस्पताल में भर्ती
इस हादसे में भाजपा के केशपुर-1 मंडल अध्यक्ष प्रवीन हलदार, सुषांत दास और कालीपद सिंह भी घायल हुए हैं। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
भाजपा नेता तन्मय घोष ने बताया कि हादसा ध्वजारोहण की तैयारी के दौरान हुआ। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।