कोलकाता: अंतरराज्यीय बस सेवा क्षेत्र में श्यामोली परिवहन प्राइवेट लिमिटेड ने बड़ा कदम उठाते हुए अपने प्रीमियम नेटवर्क का विस्तार किया है। कंपनी ने कोलकाता से दिल्ली, बेंगलुरु, चेन्नई और पुरी रूट पर नई Volvo 9600 SLX लग्जरी बसों का संचालन शुरू किया है। इस पहल के तहत चरणबद्ध तरीके से कुल 50 नई बसें बेड़े में शामिल की जाएंगी।
करुणामयी बस टर्मिनस से हुई शुरुआत
सॉल्ट लेक के करुणामयी बस टर्मिनस से नई बसों को पश्चिम बंगाल के श्रम एवं परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में कंपनी के अधिकारियों और परिवहन क्षेत्र से जुड़े कई लोग मौजूद रहे।
यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
नई Volvo 9600 SLX बसों में लंबी दूरी की यात्रा को अधिक आरामदायक बनाने के लिए कई आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। इनमें आरामदायक सीटें, बायो-टॉयलेट, उन्नत सुरक्षा प्रणाली, विशाल केबिन और बेहतर ऑनबोर्ड सुविधाएं शामिल हैं। कंपनी का दावा है कि यात्रियों को सड़क मार्ग पर प्रीमियम यात्रा का अनुभव मिलेगा।
देशभर में मजबूत हो रहा नेटवर्क
वर्ष 2004 में शुरू हुई श्यामोली परिवहन आज पूर्वी भारत की प्रमुख इंटरसिटी बस सेवा कंपनियों में गिनी जाती है। कंपनी का नेटवर्क पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली तक फैला हुआ है। इसके बेड़े में पहले से 100 से अधिक लग्जरी बसें संचालित हो रही हैं।
प्रीमियम यात्रा पर कंपनी का फोकस
कंपनी का कहना है कि यात्रियों की बदलती जरूरतों को देखते हुए आधुनिक और सुरक्षित बस सेवाओं पर लगातार निवेश किया जा रहा है। 50 नई Volvo 9600 SLX बसों के शामिल होने से लंबी दूरी की सड़क यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मौजूदगी मजबूत करने में मदद मिलेगी।