कोलकाता: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और सीएबी (CAB) अध्यक्ष सौरव गांगुली और उनकी पत्नी डोना गांगुली को घर में घुसकर जान से मारने की धमकी दी गई है। पिछले छह महीनों से आ रही ऐसी धमकियों के बाद, सौरव गांगुली की ओर से कोलकाता के बेहाला स्थित ठाकुड़पुकुर पुलिस स्टेशन में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित जांच शुरू कर दी है।
कार्यालय में पत्र खोलते ही हुआ खुलासा
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सौरव गांगुली के नाम पर पिछले छह महीनों से कुछ रहस्यमयी पत्र आ रहे थे, जिन्हें सामान्य प्रशंसकों का पत्र मानकर शुरुआत में अनदेखा कर दिया गया था। हालांकि, सोमवार को जब उनके कार्यालय में नया पत्र खोलकर पढ़ा गया, तो उसमें अंग्रेजी के छोटे अक्षरों में कड़े शब्दों में सौरव, उनकी पत्नी डोना और उनके करीबियों को नुकसान पहुंचाने तथा घर में घुसकर हत्या करने की बात लिखी हुई थी।


बेलघरिया से कूरियर के जरिए भेजे जा रहे थे पत्र
मामले की सुरक्षा के लिहाज से तुरंत पुलिस से संपर्क किया गया। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि ये पत्र बेलघरिया इलाके से कूरियर सेवा के माध्यम से भेजे जा रहे थे। पुलिस ने संबंधित कूरियर सेवा से संपर्क साधा है और आरोपी के मोबाइल सिम की लोकेशन भी ट्रैक कर ली है। जांच में यह बात भी सामने आई है कि ऐसा ही एक और पत्र फिर से भेजा गया है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इन पत्रों के पीछे किसका हाथ है और क्या यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा है।