पश्चिम बंगाल : के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने काम की तलाश में राज्य छोड़कर दूसरे राज्यों या विदेशों में गए युवाओं से वापस लौटने का आह्वान किया है। गुरुवार को न्यू टाउन में लार्ज एंड टुब्रो (एलएंडटी) माइंडट्री के नए सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कार्यालय के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य में 'डबल इंजन' सरकार उद्योग और रोजगार का एक नया माहौल तैयार कर रही है, जिससे युवाओं को अब नौकरी के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
'पश्चिम बंगाल का पुनर्गठन ही मुख्य लक्ष्य'
समारोह में अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य पश्चिम बंगाल का पुनर्गठन करना है। उन्होंने कहा, "बंगाल के युवाओं को अब रोजगार की कमी के कारण बाहर नहीं जाना पड़ेगा। राज्य के युवा व्यापार, नौकरियां और अपना भविष्य संवारने के अवसर चाहते हैं, और सरकार इसी दिशा में लगातार काम कर रही है।" उन्होंने कहा कि बंगाल में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन उपयुक्त अवसरों के अभाव में मेधावी युवाओं को राज्य छोड़ना पड़ा था, जिसे अब बदला जा रहा है।
7.48 लाख वर्ग फीट में फैला 'आनंद निकेतन'
न्यू टाउन में खुले इस नए परिसर को मुख्यमंत्री ने उद्योग जगत का पश्चिम बंगाल पर बढ़ते भरोसे का प्रतीक बताया। 'आनंद निकेतन' नाम की इस परियोजना में दो विशाल टावर शामिल हैं, जो लगभग 7 लाख 48 हजार वर्ग फीट के क्षेत्र में फैले हुए हैं। इस नए आईटी फैसिलिटी के चालू होने से आईटी और टेक क्षेत्र में काम करने वाले हजारों पेशेवरों को आधुनिक कार्यस्थल और सुविधाएं मिलेंगी।
5,800 युवाओं को मिलेंगे प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि एलएंडटी माइंडट्री के इस नए केंद्र से लगभग 5,800 लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह की बड़ी औद्योगिक और आईटी परियोजनाएं राज्य में रोजगार के पूरे परिदृश्य को बदलने की क्षमता रखती हैं। जब राज्य में ही बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे, तो बाहर गए कुशल युवा वापस आकर अपने घर और राज्य के विकास में योगदान दे सकेंगे।