कोलकाता: दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर स्थित सूर्यपुर में नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। पीड़ित परिवार की मांग पर महज चार दिनों के भीतर नए पुलिस आउटपोस्ट का निर्माण पूरा हो गया है। शनिवार को मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी स्वयं बारुईपुर पहुंचकर इस नए पुलिस आउटपोस्ट का उद्घाटन करेंगे।
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान किया था वादा
मंगलवार को सुवेंदु अधिकारी ने सूर्यपुर पहुंचकर पीड़ित नाबालिग के परिवार से मुलाकात की थी। इस दौरान परिवार ने इलाके में स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग रखी थी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। मुख्यमंत्री ने तत्काल राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजी) और गृह सचिव से इस विषय पर बात करने का आश्वासन दिया था। उन्होंने जरूरत पड़ने पर किराये के भवन में भी आउटपोस्ट शुरू करने की बात कही थी। उनके निर्देश के बाद प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चार दिनों के भीतर आउटपोस्ट तैयार कर दिया।
45 मिनट का रहेगा दौरा
सूत्रों के अनुसार, शनिवार को सुवेंदु अधिकारी का सूर्यपुर में लगभग 45 मिनट का कार्यक्रम रहेगा। वह सुबह करीब 11:30 बजे सबसे पहले पीड़िता के घर पहुंचकर परिवार से मुलाकात करेंगे। इसके बाद भीड़ की पिटाई में जान गंवाने वाले इंद्रजीत मंडल के परिवार से भी मिलेंगे। इसके पश्चात नए पुलिस आउटपोस्ट का उद्घाटन कर कोलकाता लौट जाएंगे।
लोगों को मिलेगा सीधा पुलिस सहयोग
अब तक सूर्यपुर में केवल एक पुलिस कैंप संचालित था, जिसका उपयोग मुख्य रूप से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया जाता था। किसी भी शिकायत के लिए स्थानीय लोगों को लगभग 10 किलोमीटर दूर बारुईपुर थाने जाना पड़ता था। नए पुलिस आउटपोस्ट के शुरू होने के बाद लोग स्थानीय स्तर पर ही शिकायत दर्ज करा सकेंगे और प्रारंभिक जांच की प्रक्रिया भी यहीं से शुरू होगी।
बढ़ेगी पुलिस तैनाती और सुरक्षा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नए आउटपोस्ट में मौजूदा पुलिस कैंप की तुलना में अधिक संख्या में पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। इससे क्षेत्र में नियमित गश्त, अपराध नियंत्रण और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना अधिक प्रभावी होगा। प्रशासन का मानना है कि इस कदम से सूर्यपुर और आसपास के इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत होगी।