कोलकाता: कोलकाता के मोहरकुंज में मंगलवार को आयोजित 'एक पेड़ मां के नाम' केंद्रीय परियोजना कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने स्वयं अपने हाथों से पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने न केवल वृक्षारोपण और उनकी देखभाल के महत्व को रेखांकित किया, बल्कि आगामी दुर्गा पूजा (अक्टूबर माह) से वन विभाग के कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी की भी बड़ी घोषणा की।

"फोटो खिंचवाने से खत्म नहीं होती जिम्मेदारी, 2 साल करें देखभाल"
पर्यावरण संरक्षण और हरियाली के महत्व पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "मैंने कई लोगों को देखा है कि वे पेड़ लगाने के बाद केवल फोटो खिंचवाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर देते हैं। लेकिन फोटो खिंचवाने से ही आपकी जिम्मेदारी पूरी नहीं हो जाती। पौधे को लगाने के बाद कम से कम दो साल तक उसकी उचित देखभाल करना आवश्यक है।"उन्होंने आगे कहा कि कोलकाता को सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने के लिए इसके 'फेफड़ों' (हरियाली) को बचाना बेहद जरूरी है। न्यूटाउन की तरफ आकाश से देखने पर हरियाली दिखाई देती है, लेकिन अन्य हिस्सों में अब भी हरियाली बढ़ाने की जरूरत है। इस कार्यक्रम के तहत 50 पौधे लगाए गए और मैंग्रोव जंगलों को बचाने के उद्देश्य से 3 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
अक्टूबर से बढ़ेगा वन विभाग के कर्मचारियों का वेतन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जोखिम भरे इलाकों में तैनात वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर सुनाई। उन्होंने घोषणा की कि दुर्गा पूजा के महीने यानी अक्टूबर से फॉरेस्ट रेंजर और फॉरेस्ट गार्ड्स के वेतन में 5,000 रुपये प्रति माह की बढ़ोतरी की जाएगी।इसके साथ ही, वर्तमान में 10,000 रुपये प्रति माह मानदेय पाने वाले 'वन सहायकों' के वेतन को बढ़ाकर अक्टूबर महीने से 12,000 रुपये प्रति माह कर दिया जाएगा।