कोलकाता: पश्चिम बंगाल में उद्योग और निवेश को लेकर गतिविधियां लगातार तेज होती दिखाई दे रही हैं। पिछले बुधवार मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने राज्य सचिवालय नबन्ना में ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) कल्याण कृष्णमूर्ति के साथ अहम बैठक की। बैठक में राज्य में ई-कॉमर्स क्षेत्र की संभावनाओं और भविष्य के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की गई।
ई-कॉमर्स क्षेत्र की संभावनाओं पर हुआ मंथन
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, बैठक में फ्लिपकार्ट के मुख्य कॉर्पोरेट अधिकारी रजनीश कुमार समेत कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अपने सोशल मीडिया मंच पर बैठक की तस्वीर साझा करते हुए इसकी जानकारी दी। बताया गया कि बैठक का मुख्य केंद्र पश्चिम बंगाल में ई-कॉमर्स क्षेत्र के विस्तार, रोजगार के अवसर और डिजिटल व्यापार को बढ़ावा देने की संभावनाएं रहीं। दोनों पक्षों ने इस क्षेत्र में राज्य की मजबूत संभावनाओं पर सकारात्मक चर्चा की।

निवेश को लेकर अभी नहीं हुआ कोई आधिकारिक ऐलान
हालांकि, बैठक के दौरान किसी विशेष निवेश प्रस्ताव या समझौते की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई। लेकिन राजनीतिक और औद्योगिक हलकों में इस मुलाकात को राज्य में संभावित निवेश के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उद्योगों को आकर्षित करने की दिशा में लगातार प्रयास
भाजपा सरकार बनने के बाद राज्य में बड़े उद्योगों को आकर्षित करने की दिशा में लगातार पहल की जा रही है। हाल ही में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने डंकुनी में लक्स कोज़ी के नए विनिर्माण संयंत्र की आधारशिला रखी थी। इसके अलावा, श्याम स्टील द्वारा लगभग 15,000 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की जा चुकी है, जबकि अमूल भी राज्य में अपने निवेश का विस्तार कर रही है। मुख्यमंत्री की उद्योगपति संजीव गोयनका और करण अडानी के साथ भी लगातार बैठकें हो चुकी हैं। वहीं, प्रस्तावित समुद्री बंदरगाह परियोजना पर भी तेजी से काम आगे बढ़ने की बात कही जा रही है।
राज्य में निवेश का माहौल बनाने पर सरकार का जोर
सरकार का दावा है कि पश्चिम बंगाल को उद्योग और निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बड़े ई-कॉमर्स और विनिर्माण क्षेत्र की कंपनियां राज्य में निवेश करती हैं, तो इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगीI