कोलकाता: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल की राजनीति, पार्टी संगठन और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह श्यामा प्रसाद मुखर्जी की धरती है और उनकी विचारधारा के अनुरूप सरकार बनाने का संकल्प भाजपा का लक्ष्य है।
इको पार्क में बनेगी 125 फुट ऊंची प्रतिमा
सुवेंदु अधिकारी ने घोषणा की कि इको पार्क में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे पहले हावड़ा के राखाल दास मुरलीधर सेन लेन में भी उनकी प्रतिमा स्थापित की जा चुकी है। साथ ही उन्होंने बताया कि उन्होंने हल्दीराम के पास डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और नेताजी सुभाषचंद्र बोस की आवक्ष प्रतिमाओं का भी अनावरण किया।
ममता सरकार और नेताओं पर साधा निशाना
अपने संबोधन में सुवेंदु अधिकारी ने राज्य सरकार और तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोग सत्ता में आकर करोड़ों रुपये की लूट में शामिल रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे बंगाल से ऐसे लोगों को आगे लाया गया जो कभी पार्षद बनने की स्थिति में भी नहीं थे, लेकिन बाद में मंत्री तक बन गए। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीति नहीं बल्कि विचारधारा और सिद्धांत की लड़ाई है।
भाजपा में अनुशासन सर्वोपरि
सुवेंदु अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि भाजपा कोई सेवा आश्रम या ऐसा मंच नहीं है जहां कोई भी आकर पद हासिल कर ले। उन्होंने कार्यकर्ताओं और नेताओं को अनुशासन बनाए रखने की नसीहत देते हुए कहा कि पार्टी के भीतर या बाहर भ्रम फैलाने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कामरहाटी को लेकर दिए निर्देश
उन्होंने कहा कि कामरहाटी में भाजपा का नगरपालिका बोर्ड गठित हो चुका है और संबंधित नेताओं को शाम 4 बजे तक अमिताभ चक्रवर्ती को अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी नेता को नहीं छोड़ा जाएगा और बिना संगठन की अनुमति किसी को भी कुर्सी पर बैठने नहीं दिया जाएगा।