कोलकाता: मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी अधिकारी की मौजूदगी में बुधवार को नवान्न में पर्यटन विभाग की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में पर्यटन मंत्री शंकर घोष, पर्यटन विभाग के अधिकारी, मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार, मुख्य सचिव, वित्त सचिव समेत सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
पर्यटन संपत्तियों के आधुनिकीकरण पर जोर
बैठक में मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग के अंतर्गत आने वाली सभी तरह की संपत्तियों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का सुझाव दिया। पर्यटन स्थलों को बेहतर और पर्यटकों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
रोपवे और रिवर टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने राज्य में रोपवे सेवाएं शुरू करने और रिवर टूरिज्म को विकसित करने पर भी चर्चा की। इसके साथ ही पर्यटन से जुड़े विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर काम करने की सलाह दी गई।
कर्मचारियों की नियुक्ति पर भी चर्चा
बैठक में पर्यटन विभाग में आवश्यक कर्मचारियों की नियुक्ति का मुद्दा भी सामने आया। इसके अलावा विभाग की ओर से नए पर्यटन स्थलों को विकसित करने और राज्य में पर्यटन के नए केंद्र तैयार करने को लेकर भी सुझाव दिए गए।
वेडिंग और MICE डेस्टिनेशन पर फोकस
पश्चिम बंगाल को वेडिंग डेस्टिनेशन और MICE डेस्टिनेशन के तौर पर विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। पर्यटन क्षेत्र में नए अवसर पैदा करने और अधिक पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए कई पहल पर विचार किया गया।
नए लोगो के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे सीएम
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी अधिकारी ने पर्यटन विभाग के नए लोगो के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होने की बात कही है। बैठक में पर्यटन क्षेत्र को और मजबूत बनाने के लिए कई अहम दिशा-निर्देश दिए गए।