कोलकाता: पश्चिम बंगाल में आगामी कोलकाता नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी बीच राज्य के मंत्री और रासबिहारी विधानसभा क्षेत्र से विधायक स्वप्न दासगुप्ता ने चुनावी तैयारियों और BJP में टिकट की बढ़ती मांग को लेकर अपनी बात रखी।
बूथ स्तर की तैयारी पर जोर
स्वप्न दासगुप्ता ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद सभी दलों के पास एक संगठनात्मक ढांचा मौजूद है। चुनाव के बाद कुछ जगहों पर संगठन मजबूत हुआ है तो कुछ जगहों पर बदलाव भी हुए हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय चुनाव को देखते हुए सबसे पहले यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि बूथ स्तर पर संगठन पूरी तरह तैयार और व्यवस्थित है या नहीं।
उम्मीदवार का चयन होगा अहम
स्वप्न दासगुप्ता ने उम्मीदवारों के चयन को नगर निगम चुनाव में बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि स्थानीय चुनावों में स्थानीय मुद्दे और उम्मीदवार की भूमिका काफी मायने रखती है। इसलिए उम्मीदवार का चुनाव सोच-समझकर करना होगा।
BJP टिकट के लिए बढ़ा उत्साह
BJP के टिकट को लेकर बढ़ती दावेदारी पर स्वप्न दासगुप्ता ने कहा कि पहले पार्टी का टिकट लेने के लिए इतनी अधिक होड़ नहीं दिखाई देती थी, लेकिन अब परिस्थितियां बदल गई हैं। उन्होंने कहा कि मई के बाद BJP के प्रति लोगों का उत्साह काफी बढ़ा है, जिसके कारण टिकट के लिए भी ज्यादा लोग सामने आ रहे हैं।
पुराने कार्यकर्ताओं को मिल सकती है प्राथमिकता
स्वप्न दासगुप्ता ने संकेत दिया कि लंबे समय से पार्टी के साथ जुड़े और पहले से सक्रिय कार्यकर्ताओं की दावेदारी को महत्व दिया जा सकता है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उम्मीदवार की 'विनेबिलिटी' यानी चुनाव जीतने की क्षमता को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
रासबिहारी की 9 वार्डों पर फोकस
अपने विधानसभा क्षेत्र रासबिहारी में चुनावी लक्ष्य को लेकर स्वप्न दासगुप्ता ने कहा कि उनके लिए फिलहाल प्राथमिकता अपने क्षेत्र के 9 वार्डों में सफलता हासिल करना है। उन्होंने कहा कि वार्डों की संख्या या सीमा में बदलाव हुआ है या नहीं, यह अलग विषय है, लेकिन उनका सीमित उद्देश्य अपने क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करना है।