कोलकाता: पश्चिम बंगाल में संगठन को और मजबूत करने की दिशा में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने जिला अध्यक्षों और पार्टी प्रवक्ताओं की नई सूची जारी कर दी है। इस सूची की घोषणा पार्टी के महासचिव ऋतब्रत बनर्जी की ओर से की गई। नए बदलावों में कई पुराने नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं, जबकि कुछ नए चेहरों को भी संगठन में जगह मिली है।

प्रसून बनर्जी बने मुख्य प्रवक्ता
टीएमसी ने प्रसून बनर्जी को पार्टी का मुख्य प्रवक्ता (Chief Spokesperson) नियुक्त किया है। उनके अलावा स्नेहाशीष चक्रवर्ती, अकरुज्जमान, सुदीप राहा, कोहिनूर मजूमदार, डॉ. शांतनु सेन, संदीपन साहा और अपूर्व सरकार (डेविड) को भी पार्टी का प्रवक्ता बनाया गया है।

जिलाध्यक्षों की नई सूची में कई बदलाव
पार्टी ने राज्य के विभिन्न जिलों के लिए नए जिला अध्यक्षों की भी घोषणा की है। इनमें अलीपुरद्वार में बिनोद मिंज, जलपाईगुड़ी में मोहुआ गोपे, दार्जिलिंग में रंजन सरकार, मालदा में प्रसून बनर्जी, मुर्शिदाबाद में अपूर्व सरकार (डेविड), दक्षिण कोलकाता में देवाशीष कुमार, उत्तर कोलकाता में संदीपन साहा, हावड़ा अर्बन में सृष्टिधर घोष, हुगली में संतोष सिंह (पप्पू), पश्चिम मेदिनीपुर में प्रदीप सरकार, बांकुरा में रथिन बनर्जी, पूर्व बर्धमान में रवींद्रनाथ चटर्जी, पश्चिम बर्धमान में नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती और बीरभूम में अनुब्रत मंडल सहित कई नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
2026 विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक तैयारी
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले टीएमसी का यह संगठनात्मक फेरबदल काफी अहम माना जा रहा है। पार्टी का उद्देश्य जिला स्तर पर संगठन को और मजबूत करना तथा चुनावी रणनीति को धार देना है। नई नियुक्तियों के बाद अब इन नेताओं पर अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को सक्रिय और प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी होगी.