कोलकाता: व्यवसाई बंगाली फाउंडेशन (Babshai Bangali Foundation - BBF) की ओर से आयोजित वार्षिक बिजनेस कॉन्क्लेव 'उत्तरण 2026' शुक्रवार को सॉल्ट लेक स्थित ऑल्टएयर बुटीक होटल में आयोजित हुआ। सम्मेलन में भारत और विदेशों से आए 300 से अधिक उद्योगपति, निवेशक, नीति निर्माता, शिक्षाविद और युवा उद्यमी शामिल हुए। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के औद्योगिक विकास, MSME, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), स्टार्टअप, महिला उद्यमिता, स्वास्थ्य सेवा और कौशल विकास जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
उद्योग, सरकार और विशेषज्ञ एक मंच पर
कॉन्क्लेव में पश्चिम बंगाल सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री तापस राय, शहरी विकास एवं नगर मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पॉल, आईटी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. कल्याण चक्रवर्ती, पूर्व ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर डॉ. एंड्रयू फ्लेमिंग, रामकृष्ण मिशन शिल्प मंदिर के स्वामी वेदातीतानंद, उद्योगपति रुद्र चटर्जी सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम का स्वागत उत्तरण 2026 के संयोजक कौशिक भट्टाचार्य ने किया, जबकि संचालन समिति के सदस्य इंद्रनील गुहा ने पूरे कार्यक्रम का संचालन किया। फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष सुब्रत चटर्जी ने अपने संबोधन में बंगाली उद्यमियों के लिए मजबूत और सहयोगी कारोबारी नेटवर्क बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बंगाली उद्यमियों को एक मंच देने की पहल
कौशिक भट्टाचार्य ने कहा कि यह धारणा सही नहीं है कि बंगाली समाज व्यापार नहीं करता। उन्होंने कहा कि बंगाल की व्यापारिक विरासत काफी समृद्ध रही है और इसी परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए देश और विदेश में काम कर रहे बंगाली उद्यमियों को एक साझा मंच पर लाया गया है। उन्होंने बताया कि ओडिशा, बिहार, महाराष्ट्र, बेंगलुरु, अमेरिका और अन्य स्थानों से आए उद्यमियों ने इस सम्मेलन में भाग लिया और निवेश व सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा की।
भारत-यूके व्यापार समझौते पर भी चर्चा
पूर्व ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर डॉ. एंड्रयू फ्लेमिंग ने भारत-यूके मुक्त व्यापार समझौते (FTA) और 'यूके-इंडिया विजन 2035' का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे भारतीय उत्पादों को वैश्विक बाजार में बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के MSME और महिला उद्यमियों के लिए भी इससे नए निर्यात और निवेश के रास्ते खुल सकते हैं।
AI, MSME और महिला उद्यमिता पर विशेष सत्र
दिनभर चले विभिन्न पैनल सत्रों में MSME, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवा, महिला उद्यमिता, स्टार्टअप इकोसिस्टम और भविष्य की कार्यशक्ति (वर्कफोर्स) जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे। प्रतिभागियों ने तकनीक आधारित उद्योगों, कौशल विकास और नवाचार को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।
उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान
सम्मेलन के दौरान उद्योग, समाज और नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली कई हस्तियों को 'स्पेशल रिकग्निशन अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया।
'साझेदारी से बनेगा नया बंगाल'
कार्यक्रम के समापन पर व्यवसाई बंगाली फाउंडेशन के अध्यक्ष सुब्रत चटर्जी ने कहा कि 'उत्तरण 2026' केवल एक बिजनेस कॉन्क्लेव नहीं, बल्कि बंगाल के आर्थिक विकास, नवाचार और उद्योग जगत को एक मंच पर लाने की पहल है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार, उद्योग, शिक्षाविद और उद्यमियों के सामूहिक प्रयास से पश्चिम बंगाल को निवेश और नवाचार का मजबूत केंद्र बनाया जा सकता है।