कोलकाता: कोलकाता आने-जाने वाले यात्रियों के लिए अहम सूचना है। कोलकाता पुलिस ने आधिकारिक अधिसूचना जारी करते हुए बताया है कि 2 अगस्त 2026 (रविवार) को सुबह 6:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक विद्यासागर सेतु (सेकेंड हुगली ब्रिज) पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। यह फैसला पुल की मरम्मत और पुनर्वास कार्य को सुरक्षित तरीके से पूरा करने के लिए लिया गया है।
क्यों बंद रहेगा पुल?
अधिसूचना के अनुसार, हुगली रिवर ब्रिज कमिश्नर्स द्वारा पुल पर स्टे केबल, होल्डिंग-डाउन केबल और बेयरिंग बदलने सहित महत्वपूर्ण मरम्मत एवं पुनर्वास कार्य किया जाएगा। इसी कारण पूरे समय पुल पर किसी भी प्रकार के वाहन को चलने की अनुमति नहीं होगी।
किन रास्तों से होगा ट्रैफिक डायवर्जन?
कोलकाता पुलिस ने बताया है कि विद्यासागर सेतु की ओर आने वाले वाहनों को अलग-अलग स्थानों से डायवर्ट किया जाएगा। AJC बोस रोड, के.पी. रोड, किड्डरपुर और अन्य मार्गों से आने वाले वाहनों को हावड़ा ब्रिज, स्ट्रैंड रोड, सेंट जॉर्ज गेट रोड, रेड रोड और अन्य वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर अन्य प्रमुख सड़कों पर भी ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा।
यात्रियों के लिए सलाह
कोलकाता पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 2 अगस्त को यात्रा से पहले ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी अवश्य लें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि अनावश्यक जाम और असुविधा से बचा जा सके।