कोलकाता: कोलकाता नगर निगम के वार्ड नंबर 45 के पार्षद एवं भाजपा नेता संतोष कुमार पाठक के नेतृत्व में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा का आयोजन किया गया। रथयात्रा शुरू होने से पहले भगवान जगन्नाथ, माता सुभद्रा और भगवान बलभद्र की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने "जय जगन्नाथ" के जयघोष के बीच रथ को खींचकर यात्रा का शुभारंभ किया।
3A ग्रास्टिन प्लेस से बाबू घाट तक निकली रथयात्रा
रथयात्रा का मार्ग 3A ग्रास्टिन प्लेस से बाबू घाट तक निर्धारित किया गया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान जगन्नाथ का स्वागत किया। भजन-कीर्तन और जयघोष से पूरा इलाका भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
दशकों पुरानी परंपरा का निर्वहन
यह रथयात्रा पिछले कई दशकों से लगातार आयोजित की जा रही है। वार्ड में रहने वाले ओडिशा समाज के लोगों के सहयोग से हर वर्ष इस धार्मिक आयोजन को भव्य रूप दिया जाता है। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक माना जाता है।
संतोष कुमार पाठक ने दिया भाईचारे का संदेश
पार्षद संतोष कुमार पाठक ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा प्रेम, सेवा और मानवता का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि इस परंपरा को स्थानीय लोगों और ओडिशा समाज के सहयोग से हर वर्ष और अधिक भव्य रूप में आयोजित किया जाता है।