कोलकाता: पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के साथ ही औद्योगिक विकास की एक नई लहर दिखाई देने लगी है। राज्य में बड़े उद्योगपतियों की वापसी के बीच एक ऐतिहासिक निवेश धरातल पर उतरने जा रहा है। आज, यानी रविवार को देश के गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता के विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर से 'अमूल बंगाल डेयरी' (Amul Bengal Dairy) के अत्याधुनिक दही उत्पादन केंद्र का डिजिटल शिलान्यास करेंगे।दावा किया जा रहा है कि यह उत्पादन केंद्र न केवल भारत का, बल्कि दुनिया का सबसे बड़ा दही कारखाना (World's Largest Yogurt Factory) होगा। इस भव्य कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और उद्योग मंत्री तापस राय सहित कई अन्य गणमान्य हस्तियां भी शिरकत करेंगी।
650 करोड़ का निवेश और 10 लाख किलो की दैनिक क्षमता
गुजरात की सहकारी दुग्ध संस्था 'अमूल' द्वारा यह प्लांट हावड़ा के साल्किया फूड पार्क (Salkia Food Park) में स्थापित किया जा रहा है। यह अमूल के पूर्ण स्वामित्व वाला पहला व्यापक डेयरी प्लांट होगा, जिसमें दो चरणों में कुल 650 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
- उत्पादन क्षमता: इस कारखाने में दैनिक आधार पर 10 लाख किलोग्राम दही, लस्सी, शर्बत और अन्य डेयरी उत्पादों का निर्माण होगा।
- बाजार विस्तार: अमूल वर्तमान में बंगाल में प्रतिदिन 10 लाख लीटर दुग्ध उत्पादों की बिक्री करता है। इस नए प्लांट के चालू होने से कंपनी की क्षमता सीधे दोगुनी हो जाएगी। इसके साथ ही, आने वाले समय में अमूल द्वारा उत्तर बंगाल में भी निवेश करने की योजना है।

100 दिनों में 'इंडस्ट्रियल मैजिक' की ओर बढ़ते कदम
पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार पर निशाना साधते हुए राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि सालों-साल 'विश्व बांग्ला व्यापार सम्मेलन' (BGBS) के जरिए सिर्फ खोखले वादे किए गए, जिससे राज्य का औद्योगिक सूखा खत्म नहीं हुआ। वहीं, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने सत्ता में आने के बाद 100 दिनों के भीतर औद्योगिक बदलाव (मैजिक) दिखाने का दावा किया था, जिसके संकेत अब दिखने लगे हैं।हाल ही में हुगली के डंकुनी में 'लक्स कोजी' ने बड़ा निवेश किया है, तो वहीं कुछ दिन पहले बांकुरा के मेजिया में 'श्याम स्टील' की नई यूनिट का भूमिपूजन हुआ है, जहां 10,000 करोड़ रुपये का निवेश हो रहा है। इसी कड़ी में अब अमूल का यह बड़ा प्रोजेक्ट बंगाल की डेयरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। हालांकि, अमूल के सूत्रों का कहना है कि इस परियोजना के लिए तत्कालीन सरकार के समय साल 2025 में ही समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर हो गए थे, जिसे नई सरकार के आने के बाद अब तीव्र गति मिल रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर शाह की हाई-लेवल मीटिंग
अमूल के कार्यक्रम से इतर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कोलकाता दौरे का आज एक और बेहद महत्वपूर्ण एजेंडा है। शनिवार रात सिलीगुड़ी से कोलकाता पहुंचे अमित शाह आज सुबह अलीपुर के 'सौजन्य गेस्ट हाउस' में पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक करेंगे।इस बैठक में दक्षिण बंगाल के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक (SP), जिलाधिकारी (DM), कोलकाता पुलिस के आला अधिकारी और राज्य प्रशासन के शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे। विशेष रूप से सीमावर्ती जिलों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर गंभीर मंथन होगा।इसके साथ ही, गृह मंत्री अमित शाह द्वारा मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार सहित राज्य बीजेपी कोर कमेटी के सदस्यों के साथ आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर एक अहम रणनीतिक बैठक करने की भी संभावना है।