कोलकाता: पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार के 100 दिन पूरे होने पर पार्टी ने सरकार के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड जारी किया है। बीजेपी ने ‘पश्चिम बंगाल सरकार के संकल्प और सफलता के 100 दिन’ नाम से 41 पन्नों की एक विशेष किताब प्रकाशित की है। इसमें चुनावी संकल्प पत्र में किए गए वादों और सरकार बनने के बाद उठाए गए कदमों का विवरण दिया गया है।
100 दिनों के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड
17 अगस्त को पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार के 100 दिन पूरे हुए। पार्टी की ओर से जारी इस किताब के कवर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की तस्वीर लगाई गई है। किताब में विकास, निवेश, सामाजिक सुरक्षा, सीमा सुरक्षा, रोजगार, शिक्षा और अवैध घुसपैठ जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी गई है।
कार्यकर्ताओं के बीच बांटी गई किताब
रविवार को न्यूटाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में आयोजित बीजेपी के प्रशिक्षण शिविर के दौरान विधायकों और पार्टी कार्यकर्ताओं को यह किताब दी गई। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को किताब में शामिल सरकार के कामकाज की जानकारी दी।
बीजेपी का लक्ष्य सिर्फ पार्टी कार्यकर्ताओं तक किताब पहुंचाना नहीं है। पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे अलग-अलग इलाकों में जाकर आम लोगों को सरकार के पहले 100 दिनों के कामकाज की जानकारी दें।

सीमा सुरक्षा और घुसपैठ पर जोर
किताब में राष्ट्रीय सुरक्षा और सीमा प्रबंधन को अहम स्थान दिया गया है। बीजेपी के मुताबिक, अवैध घुसपैठ रोकने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए गए हैं। भारत-बांग्लादेश सीमा की सुरक्षा से जुड़ी जरूरी जमीन के हस्तांतरण की प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने और इस मुद्दे पर बैठकों का भी उल्लेख किया गया है।
महिलाओं के लिए ‘लखपति दीदी’ योजना का लक्ष्य
महिला कल्याण के तहत आर्थिक आत्मनिर्भरता, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार पर जोर देने की बात कही गई है। बीजेपी ने राज्य की 75 लाख महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए प्रशिक्षण, कौशल विकास, स्वरोजगार और आर्थिक सहायता देने की योजना का उल्लेख किया गया है।
इसके अलावा महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये ‘अन्नपूर्णा भंडार’ देने और महिला सुरक्षा को मजबूत करने की बात भी किताब में कही गई है।
युवाओं के लिए 1 करोड़ रोजगार का दावा
रोजगार को भी सरकार के प्रमुख एजेंडे में शामिल किया गया है। किताब के मुताबिक, अगले पांच वर्षों में 1 करोड़ नए रोजगार और रोजगार से जुड़े अवसर पैदा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसका उद्देश्य राज्य के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाने से रोकना है। सरकारी नौकरियों में उम्र सीमा में विशेष छूट का भी उल्लेख किया गया है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत
स्वास्थ्य व्यवस्था के तहत आयुष्मान भारत योजना को पूरी तरह लागू करने का दावा किया गया है। इसके तहत पात्र लोगों को 5 लाख रुपये तक के कैशलेस स्वास्थ्य बीमा की सुविधा मिलने की बात किताब में कही गई है।
शिक्षा में NEP 2020 लागू करने की तैयारी
शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता सुधार, पारदर्शी भर्ती, आधुनिक बुनियादी ढांचे और तकनीक आधारित शिक्षा व्यवस्था विकसित करने की बात कही गई है। राज्य में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू करने का भी उल्लेख है। इसके साथ स्कूलों के बुनियादी ढांचे, मिड-डे मील और विद्यार्थियों को मिलने वाली सहायता से जुड़े कदमों को भी शामिल किया गया है।
सिंगुर में आधुनिक इंडस्ट्रियल पार्क का प्रस्ताव
उद्योग और अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में पश्चिम बंगाल को फिर से औद्योगिक विकास के रास्ते पर लाने का लक्ष्य बताया गया है। निवेश के अनुकूल माहौल बनाने और रोजगार बढ़ाने के लिए नई औद्योगिक नीति की बात कही गई है।
किताब में सिंगुर में आधुनिक इंडस्ट्रियल पार्क बनाने का प्रस्ताव भी शामिल है। इसके अलावा राज्य के अलग-अलग हिस्सों में चार बड़े औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने और पश्चिम बंगाल को वैश्विक सप्लाई चेन से जोड़ने के लिए आधुनिक लॉजिस्टिक्स हब बनाने की योजना का भी उल्लेख है।
दार्जिलिंग चाय उद्योग को बढ़ावा
उत्तर बंगाल की अर्थव्यवस्था में चाय उद्योग के महत्व को देखते हुए दार्जिलिंग चाय को भी प्राथमिकता देने की बात कही गई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दार्जिलिंग चाय की ब्रांड वैल्यू मजबूत करने के लिए जीआई सुरक्षा को सख्ती से लागू करने का उल्लेख किया गया है।
आरजी कर मामले की दोबारा जांच का जिक्र
किताब में 9 अगस्त 2024 को आरजी कर अस्पताल में महिला डॉक्टर के साथ हुई घटना का भी उल्लेख किया गया है। बीजेपी ने दावा किया है कि सत्ता में आने के बाद सरकार ने मामले की दोबारा जांच और संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की है।
कटमनी और सिंडिकेट के खिलाफ कार्रवाई
किताब में कटमनी, सिंडिकेट, अवैध टोल और अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के लिए हेल्पलाइन शुरू करने का भी जिक्र किया गया है। इसके अलावा असामाजिक गतिविधियों और जबरन वसूली पर रोक लगाने के लिए कानून बनाने की बात भी शामिल है।
आरक्षण और नए कानूनों का भी उल्लेख
बीजेपी ने आरक्षण व्यवस्था में बदलाव और पिछड़े वर्गों के आरक्षण में सुधार को भी अपनी उपलब्धियों में शामिल किया है। इसके साथ जनगणना 2026 की शुरुआत और भारतीय न्याय संहिता के कार्यान्वयन का भी जिक्र किया गया है।
केंद्र की योजनाओं को लागू करने का दावा
बीजेपी नेतृत्व का आरोप है कि पिछली सरकार ने राजनीतिक कारणों से कई केंद्रीय योजनाओं को पश्चिम बंगाल में लागू नहीं होने दिया। बीजेपी सरकार बनने के बाद इन योजनाओं को राज्य में लागू करने की दिशा में कदम उठाए गए हैं।
पार्टी का कहना है कि 41 पन्नों की इस किताब में चुनाव से पहले जारी संकल्प पत्र में किए गए वादों और सरकार के पहले 100 दिनों में उठाए गए कदमों का विस्तृत ब्यौरा दिया गया है। अब बीजेपी कार्यकर्ताओं के जरिए इन उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है।