कोलकाता: पश्चिम बंगाल बीजेपी ने संगठन को और मजबूत करने के लिए विभिन्न विभागों में नई नियुक्तियों का ऐलान किया है। प्रदेश अध्यक्ष और सांसद समिक भट्टाचार्य की संस्तुति पर की गई इन नियुक्तियों की आधिकारिक अधिसूचना राज्य बीजेपी कार्यालय की ओर से जारी कर दी गई है। नई जिम्मेदारियां तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएंगी।
पार्टी की ओर से जारी सूची में मीडिया, आईटी, सोशल मीडिया और प्रवक्ता विभाग के लिए नए पदाधिकारियों के नाम शामिल किए गए हैं। संगठनात्मक स्तर पर इन नियुक्तियों को पार्टी की संचार व्यवस्था और मीडिया प्रबंधन को और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
मीडिया विभाग में इन्हें मिली जिम्मेदारी
मीडिया विभाग की कमान अनुपम घोष को कन्वीनर के तौर पर सौंपी गई है। वहीं पार्थ सारथी चौधरी और चंद्रशेखर बसुटिया को सह-कन्वीनर नियुक्त किया गया है।
आईटी और सोशल मीडिया टीम भी बदली
आईटी विभाग में जय मल्लिक को कन्वीनर बनाया गया है। उनके साथ रत्नेश सिंह, रम्यज्योति सरकार, सुभोजीत करमाकर और साव्यसाची रॉय को सह-कन्वीनर की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं सोशल मीडिया विभाग में उपमन्यु भट्टाचार्य कन्वीनर होंगे। प्रीतम भट्टाचार्जी और कमेलिया सन्याल को सह-कन्वीनर बनाया गया है।
देबजीत सरकार बने मुख्य प्रवक्ता
बीजेपी ने अपने प्रवक्ता पैनल में भी नई जिम्मेदारियां तय की हैं। एडवोकेट देबजीत सरकार को मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। उनके अलावा रितेश तिवारी, सायंतन बोस, केया घोष, प्रणय रॉय, डॉ. तन्मय मुखर्जी, सप्तर्षि चौधरी, ओफेलिया सिंघा, अंकन दत्ता, मेघा सेन रॉय, डॉ. निखिल प्रसुं सिंह, समिक दासगुप्ता, सुदीप्त गुहा और मेजर रित्विक पॉल (सेवानिवृत्त) को प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है।
सप्तर्षि चौधरी को प्रवक्ता के साथ पार्टी साहित्य से जुड़ी जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। पार्टी का कहना है कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बीजेपी की गतिविधियों को अधिक प्रभावी तरीके से सामने रखना है।
राज्य महासचिव एवं कार्यालय प्रभारी शशि अग्निहोत्री की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है। अधिसूचना की प्रति पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेताओं को भी सूचनार्थ भेजी गई है।