कोलकाता: पश्चिम बंगाल में लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं के बीच दमकल विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया है। राज्य में एक साथ दमकल विभाग के 17 अधिकारियों का तबादला किया गया है। कोलकाता के साथ-साथ उत्तर और दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, पश्चिम और पूर्व मेदिनीपुर, बर्दवान, मालदा, जलपाईगुड़ी समेत कई डिविजन में अधिकारियों को बदला गया है।
कई डिविजन में नए अधिकारियों की तैनाती
तबादला सूची में दमकल विभाग के डिविजनल फायर ऑफिसर यानी DFO स्तर के अधिकारी शामिल हैं। कंट्रोल रूम, कालिम्पोंग, दार्जिलिंग, कूचबिहार, पश्चिम बर्दवान, उत्तर 24 परगना, पश्चिम मेदिनीपुर, हावड़ा, बीरभूम, पूर्व बर्दवान और दक्षिण दिनाजपुर समेत कई डिविजन में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। इसके बाद अब कई जिलों और डिविजन में दमकल विभाग की कमान नए अधिकारियों के हाथों में होगी।
दक्षिण कोलकाता और बीरभूम के DFO भी बदले
तबादला सूची में दक्षिण कोलकाता और बीरभूम डिविजन के DFO का बदलाव खास तौर पर चर्चा में है। दक्षिण कोलकाता डिविजन के DFO शुभंकर घोष का तबादला किया गया है। उनकी जगह उत्तर 24 परगना के DFO निहाररंजन राय को दक्षिण कोलकाता डिविजन की जिम्मेदारी दी जा रही है।
वहीं, बीरभूम डिविजन के DFO अरिंदम देवनाथ का तबादला कर उन्हें बांंकुड़ा डिविजन का DFO बनाया गया है। उनकी जगह बांंकुड़ा के DFO श्यामसुंदर दे को बीरभूम डिविजन की जिम्मेदारी दी गई है।
पिछले एक महीने में कई बड़े अग्निकांड
दरअसल, पिछले एक महीने के दौरान पश्चिम बंगाल में कई बड़े अग्निकांड सामने आए हैं। बीरभूम के तारापीठ में एक होटल में लगी भीषण आग में दो बच्चों समेत 9 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में भीषण आग लगी थी। इस हादसे में झारखंड के एक निवासी समेत कई बांग्लादेशी पर्यटकों की मौत हुई थी।
आग की घटनाओं के बाद शुरू हुआ फायर ऑडिट
लगातार हो रहे अग्निकांड के बाद दमकल विभाग ने कोलकाता समेत राज्य के कई इलाकों में होटल और रेस्टोरेंट का फायर ऑडिट और सरप्राइज विजिट शुरू किया। जांच के दौरान कई जगहों पर अग्निशमन व्यवस्था में खामियां भी सामने आईं। दमकल विभाग की ओर से सुरक्षा मानकों को लेकर कार्रवाई तेज की गई है।
अभिषेक बनर्जी के कार्यालय में भी फायर ऑडिट
इसी अभियान के तहत दो दिन पहले पुलिस के साथ दमकल विभाग की टीम ने 9, कैमक स्ट्रीट स्थित इमारत में भी जांच की थी। इसी इमारत में तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी का कार्यालय है। दमकल अधिकारियों ने भवन में आग से बचाव की व्यवस्था और संभावित खामियों की जांच की।
कैमक स्ट्रीट फायर ऑडिट की टीम को लीड करने वाले अधिकारी का भी तबादला
कैमक स्ट्रीट में हुए फायर ऑडिट के दौरान दमकल टीम का नेतृत्व DFO सरोज कुमार बाग ने किया था। वह अब तक फायर प्रिवेंशन-1 के DFO थे। उन्हें उत्तर कोलकाता डिविजन का DFO बनाया गया है। हालांकि प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक इसे रूटीन तबादला बताया जा रहा है।
लगातार अग्निकांड के बीच तबादले पर उठे सवाल
तारापीठ और न्यू मार्केट के होटल अग्निकांड के बाद दमकल विभाग की कार्यप्रणाली और फायर सेफ्टी को लेकर सवाल उठे थे। खास बात यह है कि न्यू मार्केट के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित होटल में आग की घटना वाला इलाका दक्षिण कोलकाता डिविजन के अंतर्गत आता है, जबकि तारापीठ बीरभूम डिविजन में है। ऐसे में दोनों डिविजन के DFO के तबादले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
प्रशासन ने बताया रूटीन तबादला
हालांकि प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि 17 DFO का तबादला नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है। दूसरी ओर, लगातार सामने आए बड़े अग्निकांडों के बीच दमकल विभाग में एक साथ इतने अधिकारियों के तबादले को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।