कोलकाता: पश्चिम बंगाल में स्पेशल फूड सेफ्टी वीक के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से बड़े पैमाने पर निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। 1 सितंबर से 7 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान में 2 सितंबर तक कुल 1,730 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया है।
1,525 प्रतिष्ठानों में मिली बड़ी अनियमितता
खाद्य सुरक्षा विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, जांच किए गए 1,730 प्रतिष्ठानों में से 1,525 जगहों पर बड़ी अनियमितताएं पाई गईं। वहीं, 1,517 मामलों में सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जांच के दौरान 901 खाद्य नमूने भी परीक्षण के लिए लिए गए हैं।
11 प्रतिष्ठानों में खाद्य बिक्री पर रोक
अभियान के दौरान अब तक 11 प्रतिष्ठानों में किसी भी खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाई गई है। वहीं, 5 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन को रद्द अथवा निलंबित किया गया है। इसके अलावा 13 प्रतिष्ठानों को बंद या सील किया गया है और 17 मामलों में कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।
बासी मांस-मछली से लेकर खराब हाइजीन तक, कई खामियां उजागर
जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में बासी मांस और मछली, अस्वच्छ किचन, एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री, प्रतिबंधित खाद्य रंग और वैध FSSAI लाइसेंस नहीं होने जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं।
मालदा में कई वॉटर प्लांट पर कार्रवाई
मालदा में कई वॉटर प्लांट और खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। वैध FSSAI लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन प्रस्तुत नहीं करने पर कई वॉटर सप्लाई यूनिट्स की बिक्री पर रोक लगा दी गई। इनमें Maa Manasa Water Plant, Packaged Drinking Water Plant, Rittika Water, Aquatara Water Service और M/S Atiqa Aqua Bund शामिल हैं।

Zaika Restaurant और Shree Krishna Sweet Shop बंद
मालदा में Zaika Restaurant और Shree Krishna Sweet Shop को Designated Officer की ओर से जारी पिछले नोटिस का अनुपालन नहीं करने के कारण बंद कर दिया गया है।
मध्यग्राम के Rang De Basanti Dhaba पर भी कार्रवाई
मध्यग्राम के Star Mall स्थित Rang De Basanti Dhaba का लाइसेंस निलंबित कर उसे बंद कर दिया गया। जांच में बासी चिकन और मछली, एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री और लाल मिर्च में फंगस मिलने की बात सामने आई।
Salt Lake में Absolute Barbeque Nation पर कार्रवाई
Salt Lake के Sector-V स्थित Absolute Barbeque Nation Hospitality Ltd. का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया। यहां बेहद खराब हाइजीन, बड़ी मात्रा में बासी खाना और किचन में कीड़े-मकौड़े मिलने की बात रिपोर्ट में दर्ज है।
Panihati में Metanil Yellow मिलने से हड़कंप
Panihati के Chourasia Chats में Metanil Yellow नामक प्रतिबंधित केमिकल फूड कलर के स्टॉक और इस्तेमाल का मामला सामने आया। इसके बाद लाइसेंस निलंबित कर प्रतिष्ठान को बंद कर दिया गया। Chaknavala, Panihati में भी हल्दी पाउडर में Metanil Yellow पाए जाने के बाद कार्रवाई की गई।
Berhampur की Biswas Bakery पर भी गिरी गाज
Berhampur की Biswas Bakery में बेहद अस्वच्छ स्थिति, एक्सपायर्ड फूड कलर के इस्तेमाल, अखबार में खाद्य सामग्री पैक करने और कीड़े-मकौड़ों की मौजूदगी जैसी खामियां मिलीं। इसके बाद प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित किया गया।
Alipurduar की Sheetal Sweets & Snacks का लाइसेंस सस्पेंड
Alipurduar की Sheetal Sweets & Snacks के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। अस्वच्छ स्थिति पाए जाने के बाद प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
फूड सेफ्टी वीक के तहत 1 और 2 सितंबर के आंकड़े सामने आने के बाद माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में भी खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच और कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता और FSSAI नियमों के पालन को सुनिश्चित करना है।