कोलकाता: पश्चिम बंगाल में वन विभाग से जुड़े कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा हुई है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि अक्टूबर 2026 से कई श्रेणियों के वनकर्मियों के वेतन में बढ़ोतरी लागू की जाएगी। यह फैसला दुर्गापूजा के महीने से प्रभावी होगा।
रेंजर और बीट ऑफिसर को हर महीने ₹5 हजार अतिरिक्त
घोषणा के मुताबिक राज्य में कार्यरत करीब 500 फॉरेस्ट रेंजरों के मासिक वेतन में ₹5,000 की वृद्धि की जाएगी। वहीं करीब 500 बीट ऑफिसरों को भी हर महीने ₹5,000 का अतिरिक्त लाभ मिलेगा।
650 फॉरेस्ट गार्ड को भी मिलेगा फायदा
वन और वन्यजीवों की सुरक्षा में तैनात करीब 650 फॉरेस्ट गार्ड के वेतन में भी ₹5,000 प्रति माह की बढ़ोतरी की घोषणा की गई है। सरकार का कहना है कि जोखिम भरे इलाकों में काम करने वाले इन कर्मचारियों की भूमिका को देखते हुए यह फैसला महत्वपूर्ण है।
वन सहायकों का वेतन ₹2 हजार बढ़ा
इसके अलावा करीब 1,500 वन सहायकों के लिए भी राहत की घोषणा की गई है। इन कर्मचारियों का मौजूदा मासिक वेतन ₹10,000 बताया गया है, जिसे बढ़ाकर ₹12,000 प्रति माह किया जाएगा। यानी इन्हें हर महीने ₹2,000 का अतिरिक्त लाभ मिलेगा।
अक्टूबर से खाते में आएगी बढ़ी हुई रकम
मुख्यमंत्री के मुताबिक बढ़ा हुआ वेतन और मानदेय अक्टूबर यानी दुर्गापूजा के महीने से लागू होगा। इस फैसले से वन विभाग के उन कर्मचारियों को सीधा फायदा मिलेगा जो जंगलों की सुरक्षा, वन्यजीव संरक्षण और मैदानी स्तर पर विभागीय जिम्मेदारियां संभालते हैं।
बड़े वृक्षारोपण अभियान के बीच घोषणा
यह ऐलान राज्य में शुरू किए गए बड़े वृक्षारोपण अभियान के दौरान किया गया। सरकार ने इस साल पश्चिम बंगाल में 10 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य भी रखा है। इसके साथ ही सुंदरबन में बड़े पैमाने पर मैंग्रोव लगाने की योजना की भी जानकारी दी गई।