कोलकाता: त्योहारों के महीने में पश्चिम बंगाल के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए राज्य सरकार (नबन्ना) ने राहत भरी घोषणा की है। वित्त विभाग द्वारा जारी नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, चालू वर्ष के अक्टूबर महीने का वेतन, पारिश्रमिक और पेंशन का भुगतान 15 अक्टूबर 2026 को ही कर दिया जाएगा। इस बार 16 अक्टूबर को महाषष्ठी (दुर्गा पूजा की शुरुआत) है। ऐसे में पूजा की छुट्टियों से ठीक एक दिन पहले अधिकारियों, कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के खातों में पैसे ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही पूर्व में घोषित 20 प्रतिशत बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता (DA) भी इसी वेतन के साथ जोड़कर दिया जाएगा।
15 अक्टूबर को किसे-किसने मिलेगा भुगतान?
वित्त विभाग की ओर से जारी आधिकारिक अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि 15 अक्टूबर 2026 को निम्नलिखित मदों के तहत राशि का वितरण किया जाएगा:
- सरकारी कर्मचारियों का मासिक वेतन
- ग्रांट-इन-एड (Grant-in-Aid) के तहत मिलने वाला वेतन
- दैनिक मजदूरी, पारिश्रमिक, स्टाइपेंड और मानदेय (Honorarium)
- सेवानिवृत्त कर्मचारियों की मासिक पेंशन एवं पारिवारिक पेंशन (Family Pension)
20% बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता (DA) भी खाते में आएगा
राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए इस महीने का सबसे बड़ा आकर्षण उनका महंगाई भत्ता है। नबन्ना की अधिसूचना में साफ तौर पर उल्लेख किया गया है कि पूर्व घोषणा के अनुसार अक्टूबर 2026 के वेतन के साथ ही 20 प्रतिशत बढ़ा हुआ डीए (Dearness Allowance) भी कर्मचारियों को प्रदान किया जाएगा। त्यौहार से ठीक पहले बढ़ा हुआ वेतन मिलने से राज्य कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।
ड्राइंग एंड डिस्बर्सिंग अधिकारियों (DDO) को सख्त निर्देश
समय पर सभी कर्मचारियों के बैंक खातों में पैसा जमा होना सुनिश्चित करने के लिए नबन्ना ने ट्रेजरी और डीडीओ अधिकारियों को विशेष निर्देश जारी किए हैं। आदेश में कहा गया है कि:
- सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारी (DDO) और डिपॉजिट अकाउंट्स के प्रशासक निर्धारित तिथि से काफी पहले ही सभी बिल और एडवाइस संबंधित ट्रेजरी में जमा कर दें।
- ट्रेजरी अधिकारी प्रक्रिया पूरी करके 15 अक्टूबर की तय तारीख के अनुसार ही भुगतान की अनिवार्य स्वीकृति (Mandate) जारी करेंगे ताकि एक ही दिन में पूरे राज्य के कर्मचारियों को उनके बैंक खातों में राशि मिल सके।