कोलकाता: पश्चिम बंगाल में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य के 14 वरिष्ठ IPS अधिकारियों को उनकी उत्कृष्ट और सराहनीय पुलिस सेवाओं के लिए ‘मुख्यमंत्री पदक’ से सम्मानित किया जाएगा। कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी अधिकारियों को सम्मानित करेंगे। पुरस्कार पाने वाले अधिकारियों में 6 को उत्कृष्ट सेवा और 8 को सराहनीय सेवा के लिए चुना गया है।
दमयंती सेन को उत्कृष्ट सेवा सम्मान
इस साल की सूची में वरिष्ठ IPS अधिकारी दमयंती सेन का नाम खास तौर पर चर्चा में है। वर्तमान में वह सशस्त्र पुलिस बल की ADG के पद पर कार्यरत हैं। 2012 के चर्चित पार्क स्ट्रीट मामले की जांच के दौरान दमयंती सेन ने उपलब्ध साक्ष्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर मामले की पुष्टि की थी। इस दौरान उनके और तत्कालीन सरकार के रुख में कथित तौर पर मतभेद सामने आए थे। इसके बाद उन्हें क्राइम ब्रांच से हटाकर अपेक्षाकृत कम महत्वपूर्ण पदों पर भेजे जाने की बात सामने आई थी। अब उन्हें ‘मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक’ के लिए चुना गया है।
उत्कृष्ट सेवा के लिए चुने गए 6 IPS
- अजय कुमार, IPS
- नीरज कुमार सिंह, IPS
- दमयंती सेन, IPS
- के. जयरामन, IPS
- प्रणव कुमार, IPS
- कुणाल अग्रवाल, IPS
सराहनीय सेवा के लिए 8 IPS अधिकारी
- कंकर प्रसाद बारुई, IPS — IG, प्रेसीडेंसी डिविजन
- सुनील कुमार यादव, IPS — पुलिस कमिश्नर, चंदननगर
- राठौड़ अमितकुमार भारत, IPS — पुलिस कमिश्नर, विधाननगर
- सूर्य प्रताप यादव, IPS — संयुक्त आयुक्त, ट्रैफिक, कोलकाता पुलिस
- अंशुमान साहा, IPS — SP, पूर्व मेदिनीपुर
- पुष्पा, IPS — SP, पूर्व बर्धमान
- सचिन मक्कर, IPS — SP, मुर्शिदाबाद पुलिस जिला
- डॉ. अरविंद कुमार आनंद, IPS — SP, बारुईपुर पुलिस जिला
रेड रोड पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
15 अगस्त के मुख्य समारोह को देखते हुए रेड रोड और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है। कार्यक्रम स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा, ड्रोन निगरानी और अन्य सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं। पदक वितरण समारोह के दौरान आमंत्रित लोगों और अधिकारियों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है।