कोलकाता: पश्चिम बंगाल में अगले साल माध्यमिक (10वीं कक्षा) की परीक्षा देने जा रहे लाखों छात्र-छात्राओं के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण खबर है। पश्चिम बंगाल मध्य शिक्षा परिषद (WBBSE) ने माध्यमिक परीक्षा की तारीखों और समय-सारणी (Date Sheet) की आधिकारिक घोषणा कर दी है। बोर्ड द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, अगले साल की माध्यमिक परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं।
ऐच्छिक (Optional) विषयों समेत सभी मुख्य विषयों की परीक्षाएं 25 फरवरी को समाप्त हो जाएंगी। बोर्ड ने छात्रों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए इस बार परीक्षा के समय और नियमों में कुछ अहम बदलाव भी किए हैं।
परीक्षा की टाइमिंग और नया नियम
बोर्ड के निर्देशानुसार, परीक्षा प्रतिदिन सुबह 10 बजकर 45 मिनट से शुरू होकर दोपहर 2:00 बजे तक चलेगी।
प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए एक्स्ट्रा टाइम: परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा शुरू होने के पहले 15 मिनट (सुबह 10:45 से 11:00 बजे तक) का समय केवल प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए आवंटित किया गया है।लिखने के लिए पूरे 3 घंटे: इसका मतलब यह है कि छात्रों को उत्तर पुस्तिका (Answer Sheet) में लिखने के लिए पूरे 3 घंटे का समय (सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक) मिलेगा।
विशेष और वोकेशनल विषयों की समय-सारणी
सामान्य विषयों की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे समाप्त हो जाएगी, लेकिन कुछ तकनीकी, संगीत और व्यावहारिक विषयों के लिए परीक्षा की अवधि अलग तय की गई है, जो इस प्रकार है:
विषय परीक्षा का समय कुल अवधि
सीविंग एंड नीडल क्राफ्ट (Sewing & Needle Craft) सुबह 10:45 से दोपहर 3:00 बजे तक 4 घंटे 15 मिनट
वोकल एंड इंस्ट्रूमेंटल म्यूजिक सुबह 10:45 से दोपहर 1:00 बजे तक 2 घंटे 15 मिनट
कंप्यूटर एप्लीकेशन (लिखित) सुबह 10:45 से दोपहर 1:30 बजे तक 2 घंटे 45 मिनट
वोकेशनल सब्जेक्ट्स (Vocational Subjects) सुबह 10:45 से दोपहर 12:30 बजे तक 1 घंटा 45 मिनट
नोट: कंप्यूटर एप्लीकेशन विषय की प्रैक्टिकल (व्यावहारिक) परीक्षा का आयोजन संबंधित स्कूलों को अपने स्तर पर और अपनी जिम्मेदारी पर कराना होगा।

भाषा का चयन और कुछ विषयों पर सस्पेंस
बोर्ड के शेड्यूल के मुताबिक, प्रथम भाषा (First Language) की परीक्षा बांग्ला और अंग्रेजी समेत कुल 12 भाषाओं में आयोजित की जाएगी। वहीं, द्वितीय भाषा (Second Language) के लिए छात्रों के पास अंग्रेजी, बांग्ला और नेपाली में से किसी एक विकल्प को चुनने की आजादी होगी।
इन विषयों की तारीखें बाद में होंगी घोषित:
माध्यमिक के मुख्य और वैकल्पिक विषयों का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया गया है, लेकिन शारीरिक शिक्षा (Physical Education), समाज सेवा (Social Service) और कर्मशिक्षा (Work Education) विषयों की परीक्षा तिथियों को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इन तीनों विषयों की परीक्षा की तारीखें आने वाले दिनों में एक अलग नोटिफिकेशन के जरिए घोषित की जाएंगी। छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर विस्तृत रूटीन डाउनलोड कर सकते हैं।