पश्चिम बंगाल : में आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राज्य बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य (Samik Bhattacharya) ने सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) कोलकाता और हावड़ा नगर निगम चुनाव पूरी तरह अपने दम पर लड़ेगी। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने एनडीए गठबंधन के समीकरणों, पार्टी के भीतर के मतभेदों, बंगाल के प्राकृतिक संसाधनों और प्रवासी भारतीयों के निवेश जैसे कई अहम मुद्दों पर अपनी राय रखी। उन्होंने साफ कहा कि विधानसभा चुनाव में विचारधारा के स्तर पर भले ही अन्य दलों से तालमेल रहा हो, लेकिन स्थानीय निकाय चुनावों में बीजेपी अपनी एकल ताकत के साथ मैदान में उतरेगी।
एनडीए शरिकों पर बयान: 'दिल्ली का समीकरण अलग, बंगाल की लड़ाई अलग'
हाल के दिनों में एनडीए के नए सहयोगियों (जैसे टीएमसी से अलग होकर बनी एनसीपीआई) के साथ चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर विराम लगाते हुए शमीक भट्टाचार्य ने कहा कि एनसीपीआई (NCPI) या अन्य सहयोगी दल राष्ट्रीय या अन्य राज्यों में एनडीए का हिस्सा हो सकते हैं, लेकिन कोलकाता में राजनीतिक परिस्थितियां बिल्कुल अलग हैं। उन्होंने दोटूक लहजे में कहा, "बीजेपी पश्चिम बंगाल में किसी की कृपा, आशीर्वाद या अपनी विचारधारा से समझौता करके आगे नहीं बढ़ी है।" उन्होंने पूरा भरोसा जताया कि बंगाल के कार्यकर्ता अकेले ही कोलकाता और हावड़ा निगम पर जीत हासिल करने में सक्षम हैं।
पार्टी में असंतोष की खबरों पर दी सफाई
विधायकों की बयानबाजी और अंदरूनी असंतोष के सवालों को खारिज करते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कोई भी व्यवस्था पूरी तरह 'फूलप्रूफ' नहीं होती और कुछ जगहों पर छोटी-मोटी कमियां हो सकती हैं। हालांकि, उन्होंने माना कि जीतेन तिवारी या अमरनाथ शाखा जैसे वरिष्ठ नेताओं का सार्वजनिक रूप से असंतोष व्यक्त करना अनुचित था। उन्होंने कहा कि वे खुद संबंधित नेताओं से बात करेंगे और संगठन के भीतर कोई बड़ा मतभेद नहीं है।
बंगाल में प्राकृतिक संसाधन और आर्थिक संभावनाएं
राजनीतिक मुद्दों के अलावा शमीक भट्टाचार्य ने बंगाल के आर्थिक पुनरुत्थान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुरुलिया, बांकुरा, झाड़ग्राम और मेदिनीपुर के कुछ हिस्सों में भारी मात्रा में मैंगनीज और दुर्लभ पृथ्वी खनिजों (Rare Earth Minerals) के भंडार मौजूद हैं, लेकिन तत्कालीन वाम मोर्चा सरकार ने इस दिशा में सहयोग नहीं किया था। उन्होंने उल्लेख किया कि 2018 में अशोकनगर में गैस मिलने के बाद अब राणाघाट में प्राकृतिक गैस तथा कालिम्पोंग व बांकुरा में सोने के भंडार की तलाश चल रही है, जिसका उपयोग राज्य के विकास के लिए किया जाएगा।
प्रवासियों का निवेश और भारत की मजबूत अर्थव्यवस्था
अपनी हालिया विदेश यात्रा का जिक्र करते हुए शमीक भट्टाचार्य ने बताया कि नीदरलैंड में 'ओवरसीज फ्रेंड्स ऑफ बीजेपी' की बैठक के दौरान कई प्रमुख प्रवासी उद्योगपतियों से सकारात्मक चर्चा हुई है। एआई (AI) विशेषज्ञ इंद्रनील बनर्जी और लॉर्ड बागड़ी के परिवार जैसी प्रमुख हस्तियों ने बंगाल में नया निवेश करने की इच्छा जताई है। अंत में, उन्होंने वैश्विक मंदी और महामारी के बावजूद भारत की बढ़ती जीडीपी (GDP) और 120 करोड़ लोगों के मुफ्त टीकाकरण व 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देने जैसे मोदी सरकार के वैश्विक उपलब्धियों की सराहना की।