पुरुलिया : पश्चिम बंगाल में अवैध कोयला तस्करी सिंडिकेट के खिलाफ ममता सरकार और पुलिस प्रशासन ने पूरी तरह कमर कस ली है। झारखंड की सीमा से सटे पुरुलिया जिले में पुलिस ने कोयला तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए हाई-टेक 'रियल टाइम' सीसीटीवी (CCTV) निगरानी प्रणाली शुरू की है। जिले की 380 किलोमीटर लंबी झारखंड सीमा को न केवल सुरक्षित किया गया है, बल्कि उन चार प्रमुख रास्तों को पूरी तरह सील कर दिया गया है जहां से अवैध कोयला बंगाल में प्रवेश करता था।
अब इन सीमावर्ती नाका पॉइंट की लाइव तस्वीरें सीधे पुरुलिया जिला पुलिस के कंट्रोल रूम और राज्य सचिवालय 'नबन्ना' में फ्लैश हो रही हैं। पुलिस की इस मुस्तैदी का असर भी दिखने लगा है। पिछले 48 घंटों में पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर 1.9 टन (करीब 1900 किलोग्राम) अवैध कोयला और तीन गाड़ियां जब्त की हैं, जबकि तीन तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।
SP खुद उतरे मैदान में, 24 घंटे रहेगी GST और MVI की तैनाती
अवैध कोयले के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' (Zero Tolerance) की नीति को जमीन पर उतारने के लिए पुरुलिया के पुलिस अधीक्षक (SP) कुमार शानी राज खुद मंगलवार को भारी पुलिस बल के साथ सीमा पर उतरे। उन्होंने झारखंड सीमा से सटे चार सबसे संवेदनशील नाका पॉइंट—जयपुर थाने के कटहल, पुरुलिया मफस्सल थाने के घोंगा, पाड़ा थाने के दरदा और झालदा के तुलिन नाका का औचक निरीक्षण किया।एसपी ने खुद नाका पॉइंट पर बैठकर वहां से गुजरने वाले ट्रकों और भारी वाहनों के ई-वे बिल, टैक्स इनवॉइस और माइनिंग (खनन) से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की। राज्य सरकार के निर्देशानुसार, अब इन बॉर्डर नाकाओं पर पुलिस के साथ-साथ जीएसटी (GST) और मोटर व्हीकल विभाग (MVI) के अधिकारी भी 24 घंटे तैनात रहेंगे।

चंदनकियारी, बोकारो और धनबाद रूट पर नजर
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पुरुलिया में मुख्य रूप से झारखंड के चंदनकियारी, बोकारो और धनबाद के रास्ते अवैध कोयला बंगाल में धकेला जाता है। इनपुट मिलने के बाद पुलिस ने पूरे जिले में 250 से अधिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं और वर्तमान में 12 रणनीतिक नाका पॉइंट चालू हैं, ताकि केवल वैध और रॉयल्टी चुकाया हुआ कोयला ही राज्य में प्रवेश कर सके।
पुलिस और RPF की बड़ी कामयाबी, तीन अलग-अलग ऑपरेशनों में तस्कर गिरफ्तार
ऑपरेशन 1 (गढ़ जयपुर रेलवे स्टेशन): आरपीएफ (RPF) और पुरुलिया जिला पुलिस ने एक संयुक्त अभियान चलाकर गढ़ जयपुर स्टेशन के पास एक तस्कर को उस वक्त दबोच लिया, जब वह सीमेंट की बोरियों में छिपाकर रखा गया करीब 1,000 किलो (1 टन) कच्चा और पाउडर कोयला एक ट्रॉली वैन में लोड कर रहा था। पुलिस ने वैन और कोयला दोनों जब्त कर लिया।
ऑपरेशन 2 (बाराग्राम): जयपुर के बाराग्राम इलाके में झारखंड की तरफ से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार तस्कर को जब पुलिस ने रोकने की कोशिश की, तो वह तंग रास्तों का फायदा उठाकर बाइक छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने बाइक से 12 बोरियों में भरा करीब 600 किलोग्राम अवैध कोयला बरामद किया।
ऑपरेशन 3 (पुरुलिया सदर): मंगलवार शाम पुरुलिया सदर थाने की पुलिस ने गश्त के दौरान एक बिना रजिस्ट्रेशन वाली इलेक्ट्रिक कमर्शियल गाड़ी (लोडर) को रोका। गाड़ी में 10 बोरियों में लगभग 300 किलो जला हुआ कोयला लदा था। चालक कोई भी वैध ट्रांजिट परमिट, चालान या रॉयल्टी रसीद नहीं दिखा सका। पुलिस ने तुरंत चालक और माल के मालिक को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को दोनों को पुरुलिया कोर्ट में पेश किया गया।
पुरुलिया जिला पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दो टूक शब्दों में कहा है कि सीमा पार से कोयले के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह सख्त चेकिंग आगे भी लगातार जारी रहेगी।