नई दिल्ली: केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्यसभा में पश्चिम बंगाल से सांसद और राज्य भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य के एक लिखित प्रश्न के उत्तर में बताया कि केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल में रेलवे बुनियादी ढांचे के विकास के लिए बजट आवंटन को तीन गुना से अधिक बढ़ा दिया है। वर्ष 2009-14 के दौरान प्रति वर्ष औसतन 4,380 करोड़ रुपये की तुलना में वर्ष 2026-27 के लिए पश्चिम बंगाल में रेलवे परियोजनाओं के लिए 14,205 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है।
83,433 करोड़ रुपये की 63 परियोजनाएं स्वीकृत
रेल मंत्री द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 तक पश्चिम बंगाल में कुल 83,433 करोड़ रुपये की लागत वाली 63 रेल परियोजनाएं (14 नई लाइनें, 4 गेज परिवर्तन और 45 दोहरीकरण/मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाएं) स्वीकृत हैं, जो 5,148 किलोमीटर की कुल लंबाई को कवर करती हैं। इनमें से मार्च 2026 तक 1,721 किलोमीटर रेल लाइनों को चालू किया जा चुका है और 27,949 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

भूमि अधिग्रहण में तेजी और टास्क फोर्स का गठन
रेलवे परियोजनाओं के समय पर निष्पादन में भूमि अधिग्रहण एक प्रमुख कारक रहा है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, राज्य में कुल आवश्यक 4,696 हेक्टेयर भूमि में से 1,273 हेक्टेयर (27%) भूमि का अधिग्रहण हो चुका है, जबकि 3,423 हेक्टेयर (73%) भूमि का अधिग्रहण अभी लंबित है।मई 2026 से राज्य सरकार के साथ बेहतर समन्वय के बाद भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में तेजी आई है। परियोजनाओं की निगरानी और बाधाओं को दूर करने के लिए पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक राज्य स्तरीय टास्क फोर्स का भी गठन किया गया है।
प्रगति पर मौजूद मुख्य परियोजनाएं:
- कालियागंज-बुनियादपुर नई लाइन: उत्तर दिनाजपुर में 46 हेक्टेयर भूमि के लिए अवार्ड प्रकाशित किया गया है तथा दक्षिण दिनाजपुर में 122 हेक्टेयर भूमि के लिए प्रारंभिक अधिसूचना जारी की गई है।
- नैहाटी-राणाघाट तीसरी लाइन: राज्य के साथ भूमि स्वामित्व का मुद्दा सुलझ गया है और 16 मौजा के लिए प्रारंभिक अधिसूचना प्रकाशित की जा चुकी है।
- सैंथिया में बाईपास और रेल फ्लाईओवर: सैंथिया बाईपास के लिए प्रारंभिक अधिसूचना जारी हो गई है, वहीं अनारा और गौरीनाथधाम रेल फ्लाईओवर के लिए CALA नामित कर भूमि अधिग्रहण शुरू कर दिया गया है।
- कोलकाता मेट्रो (चिंगरीघाटा मामला): मई 2026 में राज्य सरकार से अनुमति मिलने के बाद चिंगरीघाटा क्रॉसिंग पर वायाडक्ट सेगमेंट का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है।