कोलकाता - पश्चिम बंगाल डाक विभाग ने विद्यार्थियों में डाक टिकट संग्रह (फिलेटली) को बढ़ावा देने के लिए दीनदयाल स्पर्श योजना 2026-27 के तहत छात्रवृत्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस योजना का उद्देश्य बच्चों में डाक टिकटों के संग्रह के साथ-साथ इतिहास, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों के प्रति रुचि विकसित करना है।
किन राज्यों के छात्र कर सकते हैं आवेदन?
इस योजना का लाभ पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह के कक्षा 6 से 9वीं तक के नियमित विद्यार्थियों को मिलेगा। योजना के तहत कुल 40 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।
हर साल मिलेगी ₹6,000 की छात्रवृत्ति
चयनित विद्यार्थियों को सालाना ₹6,000 की छात्रवृत्ति दी जाएगी। प्रत्येक कक्षा से 10 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। छात्रवृत्ति की राशि सीधे विद्यार्थी के डाकघर बचत बैंक या इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) खाते में हर तिमाही भेजी जाएगी।
आवेदन के लिए जरूरी शैक्षणिक योग्यता
योजना के लिए कक्षा 6 से 9वीं में नियमित रूप से पढ़ने वाले विद्यार्थी पात्र होंगे। पिछली वार्षिक परीक्षा में सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के कम से कम 60 प्रतिशत अंक होना जरूरी है। वहीं अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं।
डाक टिकट संग्रह में रुचि भी जरूरी
दीनदयाल स्पर्श योजना का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं है। इसके जरिए विद्यार्थियों को डाक टिकटों के माध्यम से देश के इतिहास, संस्कृति, कला और विरासत से जोड़ने की कोशिश की जा रही है। इससे बच्चों में अध्ययन के साथ रचनात्मक और संग्रह संबंधी रुचियों को भी बढ़ावा मिलेगा।