कोलकाता: पश्चिम बंगाल को एक बार फिर देश का प्रमुख निवेश केंद्र बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने कई बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट्स की घोषणा की है। शनिवार को डानकुनी में लक्स कोजी के कारखाने के विस्तार के भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि मेजिया में श्याम स्टील की 17 हजार करोड़ रुपये की नई परियोजना का भूमि पूजन होगा। इसके अलावा धुलागढ़ में अमूल परियोजना और दुर्गापुर में 4 हजार करोड़ रुपये के स्टील प्लांट विस्तार की शुरुआत भी जल्द की जाएगी।
डबल इंजन सरकार से औद्योगिक विकास का दावा
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि वाम मोर्चा और तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में राज्य में उद्योग नहीं आए, जिसके कारण बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने चुनावी संकल्प में उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल बनाने का वादा किया था और अब उसी दिशा में काम हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि एनडीए शासित राज्यों की तरह पश्चिम बंगाल में भी निवेश और रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे।
कानून-व्यवस्था में सुधार का किया दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगों के लिए सबसे जरूरी कानून-व्यवस्था है और सरकार ने इस दिशा में काफी सुधार किया है। उन्होंने दावा किया कि अब उद्योगपतियों से मासिक वसूली और ट्रकों से अवैध वसूली जैसी घटनाएं बंद हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी छोटी घटनाएं हुईं, वहां सरकार ने तत्काल कार्रवाई की।
8 लाख करोड़ रुपये के कर्ज का किया जिक्र
सुवेंदु अधिकारी ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य पर इस समय 8 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है और हर साल लगभग 1 लाख करोड़ रुपये केवल ब्याज चुकाने में खर्च हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि यह राशि विकास कार्यों में खर्च होती तो राज्य और तेजी से आगे बढ़ सकता था।
निवेश से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में रोजगार की बड़ी आवश्यकता है और पिछले वर्ष स्नातक पाठ्यक्रमों में रिकॉर्ड संख्या में छात्रों ने प्रवेश लिया। ऐसे में जितना अधिक निवेश आएगा, युवाओं के लिए उतने ही अधिक रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
नई भूमि निवेश नीति लाने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उद्योगों के लिए नई भूमि निवेश नीति लाने जा रही है, जिससे निवेशकों को जमीन उपलब्ध कराने में कोई परेशानी नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में दोबारा नंदीग्राम या सिंगूर जैसी स्थिति नहीं बनने दी जाएगी। साथ ही उद्योगों के लिए नई प्रोत्साहन (इंसेंटिव) नीति पर भी काम किया जा रहा है।
मेजिया, धुलागढ़ और दुर्गापुर में होंगे बड़े प्रोजेक्ट
सुवेंदु अधिकारी ने बताया कि 17 जुलाई को मेजिया में श्याम स्टील की 17 हजार करोड़ रुपये की परियोजना का भूमि पूजन होगा। इसी महीने धुलागढ़ में अमूल परियोजना के कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री शामिल होंगे। अगस्त के पहले सप्ताह में दुर्गापुर में 4 हजार करोड़ रुपये के स्टील प्लांट विस्तार परियोजना की शुरुआत होगी। इसके अलावा कलाइकुंडा और हासीमारा हवाई अड्डों का संचालन भी जल्द शुरू किया जाएगा।
शमिक भट्टाचार्य ने उद्योगपतियों से लौटने की अपील की
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल में निवेश का माहौल तेजी से बदल रहा है। उन्होंने दावा किया कि नए खनिज और पेट्रोलियम संसाधनों की खोज हो रही है, कई बंद जूट मिलें दोबारा खुल रही हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अस्पताल स्थापित करने की योजना है। उन्होंने राज्य छोड़ चुके उद्योगपतियों से बंगाल लौटने की अपील करते हुए कहा कि टाटा, बाटा, रिलायंस, अडानी समेत कई बड़े उद्योग समूह राज्य में निवेश करेंगे।
नई औद्योगिक नीति पर सरकार कर रही काम
शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि सरकार नई औद्योगिक नीति और उद्योगों के लिए प्रोत्साहन योजना तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि उद्योगों को झूठे मामलों से डराने-धमकाने का दौर समाप्त हो चुका है। उनका दावा है कि आने वाले एक वर्ष में पश्चिम बंगाल की औद्योगिक तस्वीर पूरी तरह बदलती नजर आएगी।