कोलकाता: पश्चिम बंगाल की नई सरकार ने राज्य बजट में किए गए अपने महत्वपूर्ण वादे पर मुहर लगाते हुए सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं में बढ़ोतरी का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। राज्य के गरीब, निराश्रित और जरूरतमंद नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सामाजिक कल्याण पेंशन की मासिक राशि ₹1,000 से बढ़ाकर ₹1,500 कर दी गई है।पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा सोमवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) और राज्य सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों को इस फैसले का सीधा फायदा मिलेगा।
किन पेंशन योजनाओं को मिलेगा लाभ?
सरकार के इस बड़े फैसले के तहत निम्नलिखित तीन प्रमुख श्रेणियों के लाभार्थियों की मासिक राशि में ₹500 की वृद्धि की गई है:
1. वृद्धावस्था भत्ता (Old Age Pension)
2. विधवा भत्ता (Widow Pension)
3. दिव्यांग/प्रतिबंधी भत्ता (Disability Pension)

1 अगस्त से लागू होगी दर, जानें कब से खाते में आएगी राशि
बजट घोषणा के बाद से ही लाभार्थियों के मन में यह सवाल था कि यह बढ़ी हुई राशि उनके खातों में कब से आनी शुरू होगी। सरकार ने अपनी अधिसूचना में इस समयसीमा को पूरी तरह से स्पष्ट कर दिया है:
- प्रभावी तिथि: नई संशोधित दरें 1 अगस्त 2026 से पूरे राज्य में लागू कर दी जाएंगी।
- भुगतान का तरीका: यह बढ़ा हुआ पैसा पूरी पारदर्शिता के साथ डाइरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजा जाएगा।
- बैंक में क्रेडिट की तारीख: अगस्त महीने की यह बढ़ी हुई मासिक पेंशन 1 सितंबर 2026 से सीधे लाभार्थियों के खाते में जमा होनी शुरू हो जाएगी।
'जन-कल्याण और वादों को पूरा करने की ओर कदम'
राज्य सरकार के अनुसार, सत्ता में आने के बाद से आयोजित किए गए जन-कल्याण शिविरों (दुआरे सेवा) के माध्यम से भारी संख्या में नए आवेदन स्वीकार किए गए थे, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस सुविधा से वंचित न रहे।सरकार का आधिकारिक रुख:"पश्चिम बंगाल की जनता ने जिस उम्मीद और विश्वास के साथ राज्य में सरकार बनाई है, उनकी आकांक्षाओं को पूरा करना हमारी पहली प्राथमिकता है। इस फैसले से राज्य के प्रवीन नागरिकों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को एक मजबूत सामाजिक सुरक्षा कवच मिलेगा। 1 सितंबर से पारदर्शी तरीके से डीबीटी के जरिए बढ़ा हुआ पैसा सीधे उनके खातों में पहुंचेगा।