कोलकाता: पश्चिम बंगाल के पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई बड़ी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुराने और ऐतिहासिक भवनों को संरक्षित रखते हुए उन्हें नए पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इन जगहों पर पर्यटकों के लिए ठहरने की सुविधा, रेस्टोरेंट और अन्य आकर्षण तैयार किए जाएंगे।
2 अक्टूबर से बैरकपुर में ‘उत्सधारा’ थीम पार्क
पर्यटन मंत्री ने बताया कि बैरकपुर में ‘उत्सधारा’ को थीम पार्क के रूप में विकसित करने की योजना है। इसके लिए 2 अक्टूबर 2026 की तारीख फिलहाल संभावित रखी गई है। ‘From Raj to Swaraj’ थीम के आधार पर इस पार्क को विकसित करने की तैयारी है।
विश्वकर्मा पूजा पर गड़ेर मैदान में खास आयोजन
शंकर घोष ने बताया कि 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा के दिन गड़ेर मैदान में घड़ी और गुब्बारा उत्सव आयोजित किया जाएगा। इसके लिए पर्यटन विभाग के अधिकारियों को जरूरी निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
बंगाल की टेबल टेनिस टीम को मिलेगी स्पॉन्सरशिप
पर्यटन विभाग ने बंगाल की टेबल टेनिस टीम को स्पॉन्सर करने का फैसला किया है। मंत्री ने कहा कि भारतीय टेबल टेनिस टीम को भी स्पॉन्सर करने की दिशा में प्रयास किया जाएगा। हालांकि इसके लिए टेबल टेनिस फेडरेशन की चुनाव प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार है। इसके बाद खेल विभाग के साथ चर्चा कर प्रस्ताव आगे बढ़ाया जाएगा।
पर्यटन विभाग में लागू होगा ड्रेस कोड
WBTDCL से जुड़े कर्मचारियों और पर्यटन हेल्प सेंटरों में काम करने वालों के लिए एक समान ड्रेस कोड लागू करने की तैयारी है। इससे पर्यटन विभाग से जुड़े कर्मचारियों की अलग पहचान बनाने की कोशिश होगी।
इसके साथ ही साल में कुछ खास दिनों पर पर्यटन विभाग के अधिकारी भारतीय और खासकर बंगाली पारंपरिक पोशाक में नजर आएंगे। पुरुष धोती-पंजाबी या पायजामा-पंजाबी और महिलाएं साड़ी पहनेंगी। पहाड़ी इलाकों में वहां की पारंपरिक पोशाक को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए अलग से नीति तैयार की जा रही है।
हर जिले तक पहुंचेगी पर्यटन हेल्पलाइन
मंत्री ने बताया कि सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के जरिए शुरू की गई पर्यटन हेल्पलाइन काफी सफल रही है। इस हेल्पलाइन के जरिए बुकिंग कैंसिलेशन समेत पर्यटकों से जुड़ी कई समस्याओं का समाधान किया गया है।
अब इसी व्यवस्था को उन जिलों और पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्रों तक विस्तार दिया जाएगा, जहां पर्यटन गतिविधियां और पर्यटकों की संख्या ज्यादा है। सभी जिला हेल्पलाइन को एक राज्य स्तरीय हेल्पलाइन से जोड़ा जाएगा, ताकि पर्यटकों को एकीकृत सहायता मिल सके।
पर्यटन ऐप और वेबसाइट के लिए 17 कंपनियों ने दिया प्रस्ताव
शंकर घोष ने बताया कि पर्यटन विभाग के लिए नया ऐप और वेबसाइट विकसित करने के लिए जारी प्रक्रिया में 17 कंपनियों ने रुचि दिखाई है। इनमें कई कंपनियां पश्चिम बंगाल के बाहर की हैं और उन्होंने हजारों करोड़ रुपये से अधिक के टर्नओवर का दावा किया है।
मंत्री ने इसे राज्य में निवेश के बदलते माहौल का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पश्चिम बंगाल में ज्यादा से ज्यादा निवेश लाना और पर्यटन क्षेत्र को मजबूत करना है।
दुर्गापूजा से जुड़े प्रोजेक्ट के लिए जल्द जारी होंगे प्रस्ताव
पर्यटन मंत्री ने कहा कि दुर्गापूजा से जुड़े कार्यों के लिए Expression of Interest और Rate for Proposal जल्द जारी किए जाएंगे। उन्होंने निवेशकों और पर्यटन क्षेत्र में काम करने के इच्छुक लोगों से विभाग की वेबसाइट पर नजर रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि अगर किसी के पास पर्यटन से जुड़ा कोई अनोखा प्रस्ताव है तो वह विभाग को भेज सकता है। विभाग ऐसे प्रस्तावों पर विचार करेगा।
चाय बागानों में ठहर सकेंगे पर्यटक
चाय बागान पर्यटन को बढ़ावा देने के सवाल पर शंकर घोष ने बताया कि कई चाय बागानों में मौजूद पुराने बंगले और ऐतिहासिक संपत्तियों को पर्यटन के लिए इस्तेमाल करने की योजना है। इसके लिए चाय बागान प्रबंधन के साथ समझौते किए जाएंगे।
इस योजना के तहत पर्यटकों को चाय बागानों के बीच ठहरने और वहां की प्राकृतिक खूबसूरती का अनुभव करने का मौका मिल सकता है। पर्यटन विभाग इस दिशा में आगे की प्रक्रिया पर काम कर रहा है।
पर्यटन विभाग को नई पहचान देने का दावा
शंकर घोष ने कहा कि पर्यटन विभाग में कई स्तरों पर योजनाओं पर काम चल रहा है। सरकार का लक्ष्य राज्य के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को बेहतर सुविधाओं से जोड़ना और निवेश को बढ़ावा देना है। मंत्री ने दावा किया कि आने वाले समय में पर्यटन विभाग राज्य की अर्थव्यवस्था और रोजगार के लिहाज से महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।