कोलकाता: उत्तर बंगाल और दक्षिण बांग्लादेश से सटे क्षेत्र में बने चक्रवाती परिसंचरण का असर अब दक्षिण बंगाल में दिखाई देने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार तीन जुलाई को बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से शनिवार से मंगलवार तक कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।
रविवार को कोलकाता में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए राज्य के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं शनिवार से कोलकाता में मौसम और अधिक खराब होने की संभावना है। रविवार को शहर में 70 से 100 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है, जबकि 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसके चलते निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
शनिवार के लिए दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर तथा झाड़ग्राम में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रविवार को दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर और पश्चिम मेदिनीपुर में अति भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, झाड़ग्राम, पुरुलिया और बांकुड़ा में येलो अलर्ट लागू रहेगा।
मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी
मौसम विभाग ने तटीय समुद्री क्षेत्रों में मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी करते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि निम्न दबाव क्षेत्र बनने के बाद समुद्र में तेज हवाएं और ऊंची लहरें उठ सकती हैं, जिससे समुद्री गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं।