West Bengal Weather: बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र अब धीरे-धीरे मजबूत होकर तट की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। अलीपुर मौसम विभाग ने कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तट से लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में शनिवार को निम्न दबाव क्षेत्र बना। इसके साथ समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। अगले 48 घंटे में सिस्टम के और मजबूत होने तथा पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में तट की ओर बढ़ने की संभावना है।
कोलकाता में 7 से 11 सेंटीमीटर तक बारिश के आसार
निम्न दबाव के प्रभाव से कोलकाता में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, शहर में 7 से 11 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। सोमवार को भी कोलकाता में गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश जारी रह सकती है। बारिश के कारण आने वाले दिनों में तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
समुद्र में 55 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा
निम्न दबाव के असर से पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटीय समुद्री इलाकों में मौसम खराब रहने की संभावना है। यहां 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि हवा की गति 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग ने सोमवार तक मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।
इन 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 7 से 20 सेंटीमीटर तक भारी बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में मंगलवार तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके अलावा पुरुलिया, बांकुड़ा, दक्षिण 24 परगना और पश्चिम बर्दवान में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान है। दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में मंगलवार तक हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश हो सकती है।
कोलकाता के साथ हावड़ा-हुगली में भी बारिश
सोमवार को हावड़ा, हुगली और उत्तर 24 परगना में भी बारिश होने का अनुमान है। रविवार सुबह कोलकाता का न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब एक डिग्री अधिक रहा। वहीं शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक था।
उत्तर बंगाल में भी बारिश का अलर्ट
निम्न दबाव का असर उत्तर बंगाल के इलाकों में भी देखने को मिल सकता है। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और अलीपुरद्वार में सोमवार और मंगलवार को भारी बारिश की संभावना है। जलपाईगुड़ी में रविवार से मंगलवार तक भारी बारिश हो सकती है, जबकि अलीपुरद्वार में बुधवार को भी बारिश जारी रहने का अनुमान है। कूचबिहार में आंधी-बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा में फिलहाल भारी बारिश की संभावना कम है, लेकिन यहां छिटपुट बारिश जारी रह सकती है।
मानसूनी अक्ष रेखा भी सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार मानसूनी अक्ष रेखा भी सक्रिय बनी हुई है। यह पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और झारखंड से होते हुए पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर रही है और पुरुलिया से दक्षिण की ओर मुड़ते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। निम्न दबाव और सक्रिय मानसूनी अक्ष रेखा के संयुक्त प्रभाव से राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मंगलवार के बाद पश्चिम बंगाल में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधि में कमी आने का अनुमान है।