कोलकाता: पश्चिम बंगाल में एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे सटे इलाकों में नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने के संकेत हैं। इसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
दक्षिण बंगाल में कई जगह बारिश
23 अगस्त को दक्षिण बंगाल के लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं 24 अगस्त को झाड़ग्राम, बांकुड़ा और पुरुलिया में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।
उत्तर बंगाल में भी भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर बंगाल के कई जिलों में भी बारिश का असर देखने को मिलेगा। 24 अगस्त को जलपाईगुड़ी, कूचबिहार, कलिम्पोंग, दार्जिलिंग और अलीपुरद्वार में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 25 अगस्त को दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कलिम्पोंग और अलीपुरद्वार में फिर भारी बारिश हो सकती है।
गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर सावधानी
मौसम विभाग ने बारिश के साथ आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना भी जताई है। ऐसे में खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बारिश का यह दौर 26 से 28 अगस्त के बीच भी कई इलाकों में जारी रहने की संभावना है।