कोलकाता: कम दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ने के साथ ही पश्चिम बंगाल में बारिश से तात्कालिक राहत मिली है। अलीपुर मौसम कार्यालय के निदेशक सौरीश बंद्योपाध्याय के अनुसार, सोमवार और मंगलवार को कोलकाता समेत दक्षिण और उत्तर बंगाल के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, हवा में सापेक्ष आर्द्रता (रिमोट ह्यूमिडिटी) 97 प्रतिशत से अधिक रहने के कारण लोगों को तीखी धूप और उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
बुधवार से दक्षिण बंगाल में फिर बढ़ेगी बारिश
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि बारिश से मिली यह राहत अस्थायी है। बुधवार से दक्षिण बंगाल में मानसूनी बादलों की आवाजाही फिर बढ़ेगी। बुधवार को उत्तर व दक्षिण 24 परगना में, बृहस्पतिवार को दोनों 24 परगना व पश्चिम मेदिनीपुर में तथा शुक्रवार को तटीय इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान कोलकाता में भी बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है।
कोलकाता में आंशिक रूप से छाया रहेगा बादल
सोमवार को कोलकाता का आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और दिन में धूप खिलने के आसार हैं। शहर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 32 डिग्री सेल्सियस और 27.7 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने का अनुमान है। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम छिटपुट बारिश हो सकती है, लेकिन भारी बारिश की संभावना नहीं है।
उत्तर बंगाल में बारिश की तीव्रता में कमी
उत्तर बंगाल के पहाड़ी जिलों—दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और जलपाईगुड़ी में सोमवार शाम तक हल्की से मध्यम बारिश या एक-दो स्पेल भारी बारिश हो सकती है। हालांकि, मंगलवार से उत्तर बंगाल में बारिश की मात्रा और व्यापकता में उल्लेखनीय कमी आएगी और इस पूरे सप्ताह वहां बारिश बढ़ने के आसार नहीं हैं।