कोलकाता: पश्चिम बंगाल में मानसून का असर अब दो हिस्सों में बंटता नजर आ रहा है। जहां उत्तर बंगाल के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है, वहीं कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल में फिलहाल भारी बारिश से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को दक्षिण बंगाल में केवल हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, लेकिन गुरुवार से मौसम फिर करवट ले सकता है।
कोलकाता में बादल छाए रहेंगे, भारी बारिश की संभावना नहीं
अलीपुर मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, बुधवार को कोलकाता और आसपास के इलाकों में दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, लेकिन भारी बारिश की संभावना नहीं है। मंगलवार को शहर का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शुक्रवार से दक्षिण बंगाल में फिर बढ़ेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग ने बताया है कि गुरुवार से दक्षिण बंगाल में बारिश की गतिविधियां तेज होने लगेंगी। शुक्रवार को लगभग सभी जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं शनिवार को उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना जिलों में सबसे अधिक बारिश दर्ज होने का अनुमान है।
उत्तर बंगाल के पांच जिलों में रेड अलर्ट
उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, कूचबिहार और जलपाईगुड़ी जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। इसके अलावा मालदा, उत्तर दिनाजपुर और दक्षिण दिनाजपुर में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
भूस्खलन और जलभराव का बढ़ा खतरा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि गुरुवार से शनिवार तक उत्तर बंगाल में लगातार बारिश जारी रह सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।