कोलकाता: पश्चिम बंगाल में श्वेत क्रांति को नई दिशा देने की दिशा में रविवार (19 जुलाई 2026) को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा। केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह कोलकाता के न्यू टाउन कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में अमूल बंगाल डेरी परियोजना के तहत दुनिया के सबसे बड़े दही उत्पादन संयंत्र की आधारशिला रखेंगे। इस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी सहित सहकारिता क्षेत्र के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।
हावड़ा फूड पार्क में बनेगा दुनिया का सबसे बड़ा दही उत्पादन संयंत्र
अमूल बंगाल डेरी परियोजना के तहत हावड़ा फूड पार्क में करीब 700 करोड़ रुपये के निवेश से इस अत्याधुनिक संयंत्र की स्थापना की जाएगी। परियोजना पूरी होने के बाद यहां प्रतिदिन लगभग 30 लाख लीटर दूध का प्रसंस्करण किया जा सकेगा। इसके साथ ही रोजाना करीब 1,000 टन दही और अन्य कल्चर्ड दुग्ध उत्पाद तैयार किए जाएंगे, जिससे यह दुनिया का सबसे बड़ा दही उत्पादन संयंत्र बन जाएगा।
दूध से लेकर घी और आइसक्रीम तक होगा बड़े पैमाने पर उत्पादन
इस मेगा डेरी परियोजना में प्रतिदिन 10 लाख लीटर पैकेज्ड दूध, 2 लाख लीटर यूएचटी दूध, 1 लाख लीटर आइसक्रीम, 20 टन पनीर, 10 टन घी, 10 टन पारंपरिक मिठाइयों तथा 2.5 लाख पैक फ्लेवर्ड मिल्क का भी उत्पादन किया जाएगा। आधुनिक तकनीक से लैस यह संयंत्र राज्य के डेरी क्षेत्र को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
1.25 लाख से अधिक दुग्ध उत्पादक किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
अमूल का सहकारी नेटवर्क पश्चिम बंगाल में लगातार विस्तार कर रहा है। वर्तमान में राज्य के 1.25 लाख से अधिक दुग्ध उत्पादक किसान इस नेटवर्क से जुड़े हुए हैं, जिनमें 30 हजार से अधिक महिला किसान शामिल हैं। फिलहाल राज्य से प्रतिदिन करीब 9 लाख लीटर दूध की खरीद की जा रही है, जबकि नए संयंत्र के शुरू होने के बाद इस नेटवर्क और दूध संग्रहण क्षमता में और वृद्धि होने की उम्मीद है।
'श्वेत क्रांति 2.0' के तहत कई नई पहल की होगी शुरुआत
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह राज्य में 'श्वेत क्रांति 2.0' के तहत नवगठित 200 से अधिक डेरी सहकारी समितियों और 11 बहुउद्देशीय ग्रामीण सहकारी समितियों में से चयनित समितियों को प्रतीकात्मक रूप से पंजीकरण प्रमाणपत्र सौंपेंगे। इसके अलावा सहकारी समितियों के कामकाज को अधिक पारदर्शी और डिजिटल बनाने के उद्देश्य से विकसित ई-आरसीएस (e-RCS) पोर्टल का भी शुभारंभ किया जाएगा।
14 नए गोदामों की आधारशिला और भारत टैक्सी के साथ होगा समझौता
कार्यक्रम के दौरान राज्य के 10 जिलों में कुल 1,400 मीट्रिक टन भंडारण क्षमता वाले 14 नए गोदामों की आधारशिला भी रखी जाएगी। वहीं पश्चिम बंगाल के सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग तथा 'भारत टैक्सी' के बीच राज्य में परिवहन एवं आवागमन सेवाओं के विस्तार को लेकर एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे।