देश में 8वें वेतन आयोग को लेकर सरकारी कर्मचारियों में उत्सुकता चरम पर है। हर कोई जानना चाहता है कि सैलरी कितनी बढ़ेगी, कब लागू होगी और इसका वास्तविक लाभ कितना होगा। लेकिन इस उत्सुकता का फायदा अब साइबर ठग उठा रहे हैं। 8वें वेतन आयोग के नाम पर ठगी का नया तरीका सामने आया है, जिसमें एक क्लिक आपकी पूरी जमा पूंजी को खतरे में डाल सकता है। इंदौर क्राइम ब्रांच ने इसके बारे में खास चेतावनी जारी की है।
8वें वेतन आयोग के नाम पर साइबर ठगों का जाल
8वें वेतन आयोग को लेकर इंटरनेट पर सर्च में तेजी आई है। लोग जानना चाहते हैं कि उनकी सैलरी में कितनी बढ़ोतरी होगी। इसी मौके का फायदा साइबर अपराधी उठा रहे हैं। व्हाट्सएप, फेसबुक और मैसेज के जरिए ऐसे लिंक भेजे जा रहे हैं, जिनमें लिखा होता है कि 8वें वेतन आयोग में आपकी सैलरी कितनी बढ़ेगी, अभी जानें।
इन मैसेज में एपीके फाइल या फर्जी वेबसाइट का लिंक होता है। जैसे ही कोई व्यक्ति इसे खोलता है, उसका मोबाइल हैक हो जाता है। ठग इतने शातिर हैं कि मैसेज को सरकारी वेबसाइट जैसा दिखाया जाता है, ताकि लोग धोखा न पहचान सकें।
लिंक पर क्लिक करना पड़ सकता है भारी
8वें वेतन आयोग के नाम पर सैलरी कैलकुलेशन या एरियर चेक करने के बहाने व्हाट्सएप, टेलीग्राम, एसएमएस और ई‑मेल के जरिए फर्जी एपीके फाइल भेजी जा रही है।
ऐप डाउनलोड करते ही मोबाइल का डेटा, बैंकिंग जानकारी और OTP खतरे में आ जाते हैं।
कई मामलों में यह ऐप रिमोट एक्सेस लेकर आपके खाते से पैसे ट्रांसफर कर देता है।
सरकारी कर्मचारियों के लिए चेतावनी
एपीके फाइल खुलते ही मोबाइल पर पूरा नियंत्रण साइबर अपराधियों के हाथ में चला जाता है। OTP, बैंक डिटेल और पासवर्ड सब उनके पास चले जाते हैं। कुछ ही मिनटों में खाते से पैसे भी उड़ाए जा सकते हैं।
सबसे ज्यादा शिकार सरकारी कर्मचारी बन रहे हैं, क्योंकि वेतन आयोग से जुड़ी जानकारी पाने की उनकी उत्सुकता सबसे अधिक है।
इंदौर क्राइम ब्रांच का कहना है कि सरकार की ओर से वेतन आयोग से संबंधित कोई भी जानकारी कभी भी एपीके फाइल या निजी लिंक के माध्यम से नहीं भेजी जाती।
यदि कोई ऐसा मैसेज प्राप्त होता है, तो उसे तुरंत डिलीट करें और किसी भी लिंक पर क्लिक न करें।
8वें वेतन आयोग की प्रक्रिया अभी जारी है, लेकिन इसके नाम पर ठगी पहले ही शुरू हो चुकी है। इसलिए किसी भी लिंक को लालच या जल्दबाजी में खोलने से बचें, वरना साइबर अपराधी आपके खाते को खाली कर सकते हैं।
Comments (0)