बिलासपुर: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में लंबे समय से खाली पड़े अध्यक्ष के पद को लेकर हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। चीफ जस्टिस कृष्णराम महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की डिवीजन बेंच ने अध्यक्ष की नियुक्ति में देरी पर नाराजगी जताते हुए सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने कोर्ट को बताया कि नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और अगले दो सप्ताह के भीतर आयोग को नया अध्यक्ष मिल जाएगा। हाईकोर्ट ने 14 दिसंबर 2026 तक नियुक्ति की प्रगति रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।
दो सप्ताह में CGPSC को मिलेगा नया अध्यक्ष
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से हाईकोर्ट को बताया गया कि CGPSC अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। सरकार ने भरोसा दिलाया कि अगले दो सप्ताह के भीतर अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी जाएगी।इस पर हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और आयोग को निर्देश दिया कि अगली सुनवाई तक नियुक्ति की प्रक्रिया में ठोस प्रगति होनी चाहिए। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में नियुक्ति नहीं होने पर कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त करने का दिया सुझाव
मामले की सुनवाई के दौरान मनोचिकित्सक विशेषज्ञों के पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया गया।याचिकाकर्ता की ओर से कोर्ट में सुझाव दिया गया कि यदि नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति में समय लग रहा है तो इंटरव्यू की प्रक्रिया शुरू कराने के लिए कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया जा सकता है।इससे आयोग में रुकी हुई भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
हाईकोर्ट के पुराने निर्देश के बाद भी नहीं हुई नियुक्ति
बता दें कि हाईकोर्ट ने 26 अक्टूबर 2026 को इस मामले में निर्देश जारी करते हुए राज्य सरकार और CGPSC को 10 दिन का समय दिया था।कोर्ट ने कहा था कि आयोग में अध्यक्ष या कार्यवाहक अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं, ताकि लंबित इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी कराई जा सके।हालांकि, पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद अब तक नियुक्ति को लेकर कोई ठोस प्रगति नहीं होने का मामला सामने आया। इसके बाद हाईकोर्ट ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है।
14 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई
हाईकोर्ट ने CGPSC और राज्य सरकार को 14 दिसंबर 2026 को होने वाली अगली सुनवाई में नियुक्ति की प्रगति रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।कोर्ट ने उम्मीद जताई है कि अगली सुनवाई तक आयोग में नियमित अध्यक्ष या कार्यवाहक अध्यक्ष की नियुक्ति हो जाएगी। यदि ऐसा नहीं होता है तो कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।सुनवाई के दौरान CGPSC की ओर से कुछ दस्तावेज भी पेश किए गए, जिन्हें हाईकोर्ट ने रिकॉर्ड पर ले लिया है।
भर्ती और इंटरव्यू प्रक्रिया पर टिकी नजरें
CGPSC में अध्यक्ष का पद खाली होने के कारण भर्ती और इंटरव्यू से जुड़ी प्रक्रियाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं। खासकर मनोचिकित्सक विशेषज्ञों के पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू में हो रही देरी का मुद्दा कोर्ट तक पहुंचा है।अब राज्य सरकार के सामने अगले दो सप्ताह में नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की चुनौती है। 14 दिसंबर को होने वाली सुनवाई में यह स्पष्ट होगा कि सरकार अपने आश्वासन के मुताबिक अध्यक्ष या कार्यवाहक अध्यक्ष की नियुक्ति कर पाती है या नहीं।