रायपुर | छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने प्रदेश के प्रभारी सचिवों की जिम्मेदारियों में फेरबदल करते हुए नई नियुक्तियां की हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद जारी सूची के अनुसार, जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह को छत्तीसगढ़ का नया AICC प्रभारी सचिव बनाया गया है। वहीं, विजय जांगिड़ और एसए संपत कुमार को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है। जरिता लैतफलांग को नॉर्थ ईस्ट के राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस फेरबदल के साथ प्रदेश कांग्रेस के संगठनात्मक कामकाज में नई टीम की एंट्री हुई है।
कोको पाढ़ी को ओडिशा, नरेश ठाकुर को गुजरात की जिम्मेदारी
कांग्रेस के संगठनात्मक बदलाव में छत्तीसगढ़ के नेताओं को दूसरे राज्यों में भी अहम जिम्मेदारियां मिली हैं। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कोको पाढ़ी को ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) का प्रभारी सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, कांकेर के नरेश ठाकुर को गुजरात PCC प्रभारी सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। दूसरी ओर, छत्तीसगढ़ के देवेंद्र यादव को गुजरात PCC प्रभारी सचिव की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है।
राष्ट्रीय स्तर पर 81 सचिवों को मिली जिम्मेदारी
कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक बदलाव करते हुए 25 AICC सचिवों और संयुक्त सचिवों को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों से मुक्त किया है। पार्टी की नई सूची में कुल 81 सचिवों को अलग-अलग राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और संगठनात्मक विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी के अनुसार, सभी नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। इस फेरबदल को विभिन्न राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियों के नए सिरे से वितरण के रूप में देखा जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में छह नेताओं को मिली जिम्मेदारी
इस संगठनात्मक फेरबदल में उत्तर प्रदेश को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। पार्टी ने प्रदेश के लिए छह नेताओं को AICC सचिव नियुक्त किया है। इनमें अभिषेक दत्त, वरुण चौधरी, कुणाल चौधरी, जगदीश चंद्र जांगिड़, अब्दुल हन्नान और संजीव आर्य के नाम शामिल हैं। वहीं, बिहार में प्रदीप नरवाल, प्रकाश सोनावणे और महबूब पाशा को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कई राज्यों और संगठनात्मक विभागों में नई नियुक्तियां
कांग्रेस ने असम, केरल, तमिलनाडु, उत्तराखंड, गुजरात, कर्नाटक, पंजाब, मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और राजस्थान सहित कई राज्यों में सचिव नियुक्त किए हैं। कुछ नेताओं को एक से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की जिम्मेदारी भी दी गई है। इसके अलावा संचार, प्रचार, मीडिया, सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया जैसे महत्वपूर्ण विभागों के लिए भी सचिव नियुक्त किए गए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष कार्यालय के लिए भी दो नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कांग्रेस के इस बड़े संगठनात्मक फेरबदल के बाद अब नई टीम के सामने राज्यों में संगठन को मजबूत करने और पार्टी के कामकाज में बेहतर समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी होगी।