नई दिल्ली | केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय दवाओं की आपूर्ति शृंखला में नियामक निगरानी और जवाबदेही मजबूत करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत सक्रिय और निष्क्रिय औषधीय पदार्थों सहित थोक दवाओं (बल्क ड्रग्स) के व्यापार के लिए अलग लाइसेंस व्यवस्था शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया है। मंत्रालय ने औषधि नियम, 1945 में संशोधन का मसौदा पेश किया है। इसके तहत थोक दवाओं के कारोबार के लिए अलग आवेदन प्रपत्र 19-बीसी और लाइसेंस प्रपत्र 20-बीसी शुरू करने का प्रावधान है। यह व्यवस्था तैयार दवाओं यानी फार्मूलेशन के लिए लागू मौजूदा लाइसेंस व्यवस्था से अलग होगी।
बल्क ड्रग्स के कारोबार के लिए अलग लाइसेंस
वर्तमान में थोक दवाओं के व्यापार के लिए एक ही लाइसेंस व्यवस्था लागू है। प्रस्तावित संशोधन के बाद बल्क ड्रग्स के कारोबार के लिए अलग आवेदन और लाइसेंस की व्यवस्था होगी। इसका उद्देश्य दवा आपूर्ति शृंखला में नियामकीय निगरानी को अधिक व्यवस्थित और जवाबदेह बनाना है। मंत्रालय ने मसौदा नियमों से संबंधित राजपत्र अधिसूचना की प्रतियां उपलब्ध कराए जाने की तारीख से 30 दिनों के भीतर संबंधित पक्षों और आम जनता से आपत्तियां एवं सुझाव आमंत्रित किए हैं।
कुछ दवाओं के लिए नियामक ढील का भी प्रस्ताव
स्वास्थ्य मंत्रालय ने औषधि नियम, 1945 में एक अन्य संशोधन का प्रस्ताव भी रखा है। इसके तहत औषधीय गैसों, खाली जिलेटिन कैप्सूल और कीटाणुनाशक तरल पदार्थों जैसी कुछ श्रेणियों की दवाओं के लिए नियामक ढील देने की बात कही गई है।
दवाओं के भंडारण और वितरण के लिए नए दिशानिर्देश
मंत्रालय ने दवा उत्पादों के लिए अच्छे भंडारण एवं वितरण पद्धतियों (GSDP) के दिशानिर्देशों को औषधि नियम, 1945 में शामिल करने की अनुशंसा की है। इसका उद्देश्य निर्माता या आयातक से लेकर मरीज तक दवा पहुंचने के बीच आपूर्ति शृंखला के हर चरण में उसकी गुणवत्ता, सुरक्षा, प्रभावकारिता और अखंडता बनाए रखना है।
रोगाणुरोधी दवाओं पर भी बढ़ेगी निगरानी
स्वास्थ्य मंत्रालय ने रोगाणुरोधी दवाओं को नई दवाओं पर लागू केंद्रीय नियामक ढांचे के तहत लाने का प्रस्ताव भी रखा है। इसका मकसद इन दवाओं की गुणवत्ता, सुरक्षा और प्रभावकारिता पर निगरानी मजबूत करना है। इस कदम को रोगाणुरोधी प्रतिरोध (AMR) की चुनौती से निपटने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मंत्रालय की प्रस्तावित पहल का उद्देश्य दवा नियमन और वितरण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।