गोरखपुर | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के रोड शो के दौरान 12 वर्षीय बच्चे की मौत को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी को गुंडागर्दी और अराजकता का पर्याय बताते हुए कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी, जिसे उनकी पीढ़ियां याद रखेंगी। सीएम योगी ने ऐलान किया कि वह गुरुवार शाम पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि सड़क पर अराजकता फैलाने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
‘मासूम बच्चे की गलती क्या थी?’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि एक मासूम बच्चा पढ़ने आया था, लेकिन रोड शो के दौरान हुई अराजकता में उसकी जान चली गई। उन्होंने सवाल उठाया कि उस 12-13 साल के बच्चे की आखिर क्या गलती थी? सीएम योगी ने कहा, “जैसे कुत्ते की पूंछ सीधी नहीं हो सकती, उसी तरह ये गुंडे-माफिया कभी सीधे नहीं हो सकते।” उन्होंने कहा कि सड़कें अराजकता फैलाने के लिए नहीं बनाई गई हैं और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
सपा पर गुंडागर्दी और जनता के शोषण का आरोप
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के शासनकाल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में वन माफिया और खनन माफिया सक्रिय थे। उन्होंने कहा कि सपा गुंडागर्दी और दंगों की पर्याय रही है तथा पार्टी ने जनता को धोखा दिया और उसका शोषण किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश में गुंडागर्दी पर लगाम लगाई थी और अब ऐसे लोगों के खिलाफ फिर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गोरखपुर की घटना के बाद माफिया को संरक्षण देने वाले लोग मौन हैं और उनकी ओर से संवेदना का एक शब्द भी नहीं आया।
अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती भी दी। उन्होंने कहा, “चलो नामांकन कर लो अयोध्या से, आमने-सामने कर ही लिया जाए।”
इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए राम के नाम का भी जिक्र किया। सीएम योगी ने कहा कि भक्तों को अच्छे दिनों में राम याद आते हैं, जबकि दुर्जनों के अंतिम समय में भी लोगों के मुंह से राम का नाम निकलता है।
ओवैसी और विपक्ष पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में हैदराबाद से आए एक मौलाना का जिक्र करते हुए विपक्ष पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि हैदराबाद के मौलाना इन दिनों मचल रहे हैं और ये सब उन्हीं के लोग हैं। इसी क्रम में उन्होंने कहा, “हैदराबाद को भाग्यलक्ष्मी पुरम की सौगात दे देंगे।”
योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि कुछ लोग अराजकता फैलाकर जबरन जनता का वोट हासिल करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ऐसे लोगों को बार-बार खारिज कर रही है।
अखिलेश यादव के रोड शो में कैसे हुई 12 साल के आर्यवर्धन की मौत?
बुधवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर में करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया था। इसी दौरान कूड़ाघाट इलाके में रोड शो में शामिल एक जेसीबी की चपेट में आने से 12 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई। वह चौरीचौरा क्षेत्र के राजधानी गांव का रहने वाला था। परिजनों के अनुसार, रोड शो के दौरान जिस जेसीबी से फूल बरसाए जा रहे थे, उसी की टक्कर से बच्चे की जान गई। मृतक के पिता ओंकार सिंह स्थानीय भाजपा नेता बताए गए हैं।
हादसे के बाद सड़क पर प्रदर्शन, 66 लोगों के खिलाफ मुकदमा
घटना के बाद परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर प्रदर्शन किया था। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। अखिलेश यादव ने हादसे पर कहा था कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। उन्होंने रोड शो के लिए प्रशासन की ओर से पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाने की बात कही थी। वहीं, पुलिस ने जेसीबी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, मामले में पांच सपा नेताओं समेत कुल 66 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अब घटना की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई पर सबकी नजर है।