लखनऊ | उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आजम खान को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आजम खान जमानत पर हैं और उन्हें यह बात याद रखनी चाहिए। मौर्य ने स्पष्ट किया कि न्यायालय ने उन्हें अंतरिम जमानत दी है और सरकार को इस पर कोई सवाल नहीं है, लेकिन प्रदेश में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
केशव मौर्य बोले- अपराधियों के खिलाफ होगी प्रभावी कार्रवाई
लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “वे (आजम खान) जमानत पर हैं, यह उनको याद रखना चाहिए। न्यायालय ने उन्हें (अंतरिम) जमानत दी है, हमें उस पर कोई सवाल नहीं है।” उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश को दोबारा दंगा प्रदेश या गुंडा प्रदेश नहीं बनने दिया जाएगा। अपराधियों को खुले में घूमने नहीं दिया जाएगा और उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार का सख्त संदेश
केशव प्रसाद मौर्य के इस बयान को प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार के सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने साफ संदेश दिया कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानून के दायरे में कार्रवाई की जाएगी और अपराधियों को संरक्षण नहीं दिया जाएगा।