रायपुर | छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के आंदोलन का आज 19 नवंबर को तीसरा और अंतिम दिन है। प्रदेशभर में अपनी लंबित मांगों को लेकर 17 से 19 नवंबर तक चरणबद्ध प्रदर्शन कर रही कार्यकर्ता आज काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर विरोध जताएंगी। इस दौरान वे काला दिवस मनाकर सरकार तक अपनी मांगें पहुंचाने की कोशिश करेंगी।
नियमितीकरण और 30 हजार रुपये मानदेय की मांग
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की प्रमुख मांग है कि उन्हें नियमित कर शासकीय कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। इसके साथ ही वे हर महीने 30 हजार रुपये मानदेय देने की मांग कर रही हैं। प्रदर्शनकारियों की अन्य मांगों में 5G मोबाइल उपलब्ध कराना, इंटरनेट भत्ता बढ़ाकर 500 रुपये करना और पदोन्नति की व्यवस्था शामिल है।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो दिसंबर में होगा महापड़ाव
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसके तहत 11 और 12 दिसंबर को प्रांतीय महापड़ाव आयोजित करने की योजना है।
अनिश्चितकालीन हड़ताल की भी चेतावनी
आंदोलनकारी कार्यकर्ताओं ने कहा है कि दिसंबर में प्रस्तावित महापड़ाव के बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा सकती हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का आंदोलन और व्यापक होने की संभावना है।