कोलकाता: कोलकाता के कॉलेज स्ट्रीट में बुधवार को किताबों की दुकान लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद शाम होते-होते हिंसक रूप लेता नजर आया। SFI और ABVP के बीच जारी टकराव के दौरान कथित तौर पर एक-दूसरे की ओर ईंट-पत्थर फेंके गए। इस दौरान SFI के सदस्य खुद को बचाने के लिए प्लास्टिक की कुर्सियां सिर के ऊपर रखते दिखाई दिए। घटना के वीडियो और तस्वीरों ने इलाके में बढ़ते तनाव को सामने ला दिया है।
दोनों संगठनों के बुकस्टॉल के बीच पुलिस की बैरिकेडिंग
दरअसल, कॉलेज स्ट्रीट स्थित कलकत्ता यूनिवर्सिटी के पास SFI की ओर से तीन दिवसीय पुस्तक मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसमें वामपंथी और प्रगतिशील विचारधारा से जुड़ी किताबें रखी गई हैं। इसके विरोध में ABVP ने भी पास में अपना बुकस्टॉल लगाने की मांग की। ABVP की ओर से राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़ी किताबें बेचने की बात कही गई।
दोनों संगठनों के बीच बढ़ते विवाद को देखते हुए पुलिस ने उनके बुकस्टॉल के बीच बैरिकेडिंग और गार्डरेल लगा दिए थे, ताकि आमने-सामने की भिड़ंत को रोका जा सके। हालांकि, शाम होते-होते स्थिति फिर बिगड़ गई।
पथराव के बीच कुर्सियों से खुद को बचाते दिखे SFI सदस्य
शाम के समय कॉलेज स्ट्रीट में एक बार फिर तनाव बढ़ गया। आरोप है कि SFI के बुकस्टॉल की ओर ईंट-पत्थर फेंके गए। इस दौरान SFI के कुछ सदस्य प्लास्टिक की कुर्सियां अपने सिर के ऊपर रखकर बचाव करते नजर आए। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दोनों संगठनों के समर्थकों के बीच तनाव बढ़ने से स्थिति को नियंत्रित करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया।
पुलिस की मौजूदगी पर SFI ने उठाए सवाल
घटना के बाद SFI की ओर से पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए। संगठन का आरोप है कि मौके पर पर्याप्त पुलिस बल मौजूद होने के बावजूद पुलिस मूकदर्शक बनी रही। वहीं, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में अतिरिक्त जवानों की तैनाती की। कॉलेज स्ट्रीट में इस पूरे घटनाक्रम के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।
सुबह से ही जारी था SFI-ABVP के बीच विवाद
गौरतलब है कि कॉलेज स्ट्रीट में मंगलवार से ही बुकस्टॉल को लेकर विवाद चल रहा है। बुधवार सुबह ABVP के कार्यकर्ता भी SFI के बुकस्टॉल के सामने अपना स्टॉल लगाने की मांग पर अड़ गए थे। दोनों संगठनों के बीच नारेबाजी और धक्का-मुक्की हुई। पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश के दौरान ABVP समर्थकों और पुलिस के बीच भी धक्का-मुक्की हुई थी।
इससे पहले वरिष्ठ वामपंथी नेता विमान बोस के बुकस्टॉल पर पहुंचने के दौरान ABVP समर्थकों की ओर से 'गो बैक' के नारे लगाए गए थे। अब शाम को दोबारा हुई हिंसक झड़प ने कॉलेज स्ट्रीट के माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया है।
फिलहाल किताबों के जरिए शुरू हुई विचारधाराओं की यह लड़ाई सड़क पर टकराव का रूप ले चुकी है। कॉलेज स्ट्रीट में पुलिस की तैनाती के बावजूद दोनों छात्र संगठनों के बीच तनाव चर्चा का विषय बना हुआ है।