श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार (18 नवंबर) को सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के कमांडर मोहम्मद लतीफ भट को मुठभेड़ में मार गिराया। लतीफ भट 11 नवंबर को कुलगाम में CRPF के जवानों पर हुए हमले में कथित तौर पर शामिल था। इस कार्रवाई के बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में आ गई है। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए सुरक्षाबलों को बधाई देते हुए एक ऐसा संदेश लिखा, जिसे आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है।
CRPF महानिदेशक की पोस्ट ने खींचा ध्यान
लतीफ भट के मारे जाने के बाद CRPF के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "बधाई हो दोस्तों। कुछ व्यंजन ठंडे ही परोसे जाएं तो बेहतर होते हैं, यहां तक कि ठंडे मौसम में भी।"
उनकी इस टिप्पणी को कुलगाम में सुरक्षाबलों की कार्रवाई और लश्कर कमांडर के मारे जाने से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, महानिदेशक ने अपनी पोस्ट में किसी आतंकी या ऑपरेशन का सीधे तौर पर जिक्र नहीं किया। उनका यह संदेश सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
मस्जिद में छिपा था लतीफ भट, सरेंडर से किया इनकार
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों को कुलगाम के जांगलपोरा इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया। सुरक्षाबलों ने लतीफ भट को एक मस्जिद के अंदर घेर लिया था।
कुलगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनायत अली के मुताबिक, सुरक्षाबलों ने लतीफ को आत्मसमर्पण करने के कई मौके दिए। पुलिस और सेना के अधिकारियों ने वीडियो कॉल के जरिए भी उससे बातचीत की और उसे हथियार डालने के लिए समझाने की कोशिश की।
अधिकारियों ने उसे बताया कि वह अभी युवा है और उसके सामने पूरी जिंदगी पड़ी है। इसके बावजूद उसने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया। पुलिस के अनुसार, बुधवार तड़के करीब 2:45 बजे उसने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।
CRPF पोस्ट पर हमले में था कथित तौर पर शामिल
लतीफ भट 11 नवंबर को कुलगाम के मीर बाजार इलाके के पास CRPF नाके पर हुए हमले में कथित तौर पर शामिल था। इस हमले में तीन सुरक्षाकर्मी घायल हुए थे। घटना के बाद से ही सुरक्षाबल उसकी तलाश में जुटे थे।
जांच के दौरान सामने आया था कि लतीफ भट और उसका सहयोगी उमर निसार डार हमले से पहले कई स्थानों की रेकी कर चुके थे। CCTV फुटेज के आधार पर दोनों की गतिविधियों की जांच की गई थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने 10 नवंबर को मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम समेत कई इलाकों का दौरा किया था।
इससे पहले 16 नवंबर को कुलगाम के लारनू बाईपास के पास सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में उसका सहयोगी उमर निसार डार मारा गया था। इसके बाद लतीफ की तलाश तेज कर दी गई थी।
22 साल का था लतीफ, सिर पर था 15 लाख रुपये का इनाम
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, मोहम्मद लतीफ भट कुलगाम के ख्रेवां चाडेर, अशमुजी इलाके का रहने वाला था। उसकी उम्र महज 22 साल थी और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
अधिकारियों का दावा है कि वह नवंबर 2025 में लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था और सीमा पार से निर्देश प्राप्त कर रहा था। उस पर दक्षिण कश्मीर में कई आतंकी गतिविधियों में शामिल होने का भी आरोप था।
कुलगाम में इस कार्रवाई को सुरक्षाबलों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। वहीं, CRPF महानिदेशक की 'कुछ चीजें ठंडी ही परोसी जाएं तो बेहतर होती हैं' वाली टिप्पणी ने इस पूरे घटनाक्रम को और चर्चा में ला दिया है।