अयोध्या: उत्तरप्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले रामनगरी अयोध्या सियासी गतिविधियों का केंद्र बनती नजर आ रही है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 12 दिसंबर को परिवार के साथ अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे। लेकिन उनसे पहले बहुजन समाज पार्टी के समन्वयक आकाश आनंद 20 नवंबर को अयोध्या पहुंचेंगे। यहां वह सोहावल में एक बड़ी चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। विधानसभा चुनाव से पहले दोनों नेताओं के अयोध्या दौरे को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
20 नवंबर को सोहावल में आकाश आनंद की जनसभा
बसपा समन्वयक आकाश आनंद की जनसभा को लेकर पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अयोध्या स्थित बसपा के मंडलीय कार्यालय में कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक भी आयोजित की गई।इस बैठक में दिनेश चंद्रा समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। बताया जा रहा है कि 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए आकाश आनंद प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में जनसभाएं कर रहे हैं। अयोध्या की यह सभा भी इसी चुनावी अभियान का हिस्सा है।
12 दिसंबर को परिवार के साथ अयोध्या आएंगे अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अपनी पत्नी डिंपल यादव और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अयोध्या पहुंचेंगे।पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय के मुताबिक, अखिलेश यादव सबसे पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन करेंगे। इसके बाद राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन और पूजन करेंगे। अपने दौरे के दौरान वह संत-महंतों से भी मुलाकात करेंगे।
रामलला के दर्शन को सियासी संदेश से जोड़कर देखा जा रहा
राम मंदिर में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से भाजपा लगातार समाजवादी पार्टी को इस मुद्दे पर घेरती रही है। ऐसे में अखिलेश यादव का परिवार के साथ अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करना राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।उनके इस दौरे को लेकर प्रदेश की राजनीति में चर्चाएं तेज हैं। वहीं अखिलेश के अयोध्या पहुंचने से पहले आकाश आनंद की जनसभा होने से सियासी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
2027 चुनाव से पहले अयोध्या में बढ़ेगी सियासी हलचल
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए सभी राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में जुटे हैं। इसी बीच अखिलेश यादव और आकाश आनंद के अयोध्या दौरे ने राजनीतिक चर्चाओं को तेज कर दिया है।एक तरफ आकाश आनंद 20 नवंबर को जनसभा के जरिए बसपा का चुनावी संदेश देंगे, वहीं दूसरी तरफ अखिलेश यादव 12 दिसंबर को रामलला के दर्शन करेंगे। अब इन दोनों दौरों पर राजनीतिक दलों और जनता की नजर रहेगी।