लखनऊ | उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज, 18 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट की अहम बैठक होने जा रही है। बैठक शाम 4 बजे मुख्यमंत्री आवास 5 कालिदास मार्ग पर आयोजित होगी। इसमें पंचायत प्रशासकों का कार्यकाल छह महीने बढ़ाने समेत कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा और निर्णय होने की संभावना है।
पंचायत प्रशासकों का कार्यकाल बढ़ाने पर लग सकती है मुहर
बैठक में पंचायतीराज संशोधन अध्यादेश 2026 को मंजूरी मिल सकती है। इसके तहत पंचायत प्रशासकों का कार्यकाल छह महीने बढ़ाने के प्रस्ताव पर कैबिनेट की मुहर लगने की संभावना है। इस प्रस्ताव पर बैठक में महत्वपूर्ण फैसला हो सकता है।
जेवर एयरपोर्ट के विस्थापित परिवारों के पुनर्व्यवस्थापन पर चर्चा
कैबिनेट बैठक में जेवर एयरपोर्ट परियोजना से प्रभावित और विस्थापित परिवारों के पुनर्व्यवस्थापन से जुड़े प्रस्ताव पर भी निर्णय लिया जा सकता है। इसके अलावा रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष नियमावली 2026 पर भी चर्चा प्रस्तावित है।
विद्युत नियामक आयोग और रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के प्रस्ताव
बैठक के एजेंडे में विद्युत नियामक आयोग की नियमावलियों को मंजूरी देने का प्रस्ताव भी शामिल है। वहीं, रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के अगले चरण के लिए एमओयू पर भी चर्चा होगी।
कई अन्य विभागीय प्रस्तावों पर भी होगा विचार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में इन प्रमुख प्रस्तावों के अलावा विभिन्न विभागों से जुड़े कई अन्य प्रस्ताव भी रखे जाएंगे। कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद इन प्रस्तावों के क्रियान्वयन का रास्ता साफ हो सकता है। बैठक में होने वाले फैसलों पर प्रदेश के पंचायत व्यवस्था, विकास परियोजनाओं और विभिन्न विभागों की योजनाओं से जुड़े लोगों की नजर रहेगी।