नई दिल्ली: दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण के स्तर में हल्का सुधार होने के बाद ग्रैप-3 (GRAP-3) की पाबंदियां हटा दी गई हैं। इसके साथ ही दिल्ली के स्कूलों में नियमित कक्षाएं दोबारा शुरू हो गई हैं। अब सभी विद्यार्थियों को पहले की तरह स्कूल परिसर में जाकर ऑफलाइन पढ़ाई करनी होगी। दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने 17 नवंबर 2026 को इस संबंध में सर्कुलर जारी किया है।
सभी स्कूलों में ऑफलाइन कक्षाएं अनिवार्य
दिल्ली शिक्षा निदेशालय के 17 नवंबर 2026 को जारी सर्कुलर के अनुसार, दिल्ली के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में अब सभी विद्यार्थियों की कक्षाएं सामान्य रूप से स्कूल परिसर में संचालित होंगी।यानी विद्यार्थियों को अब ऑनलाइन या हाइब्रिड व्यवस्था के बजाय नियमित रूप से स्कूल जाकर पढ़ाई करनी होगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
MCD और NDMC के स्कूलों पर भी लागू होगा आदेश
शिक्षा निदेशालय का यह निर्देश केवल दिल्ली सरकार के स्कूलों तक सीमित नहीं है। दिल्ली नगर निगम (MCD), नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) और दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड के स्कूलों पर भी यह आदेश लागू होगा।स्कूल प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू करें और इसकी जानकारी विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा शिक्षकों तक पहुंचाएं।
17 नवंबर को दर्ज हुई नवंबर की सबसे साफ हवा
दिल्ली में मंगलवार, 17 नवंबर को नवंबर महीने की अब तक की सबसे साफ हवा दर्ज की गई। इस दिन राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 204 रहा। हालांकि, AQI का यह स्तर अभी भी 'खराब' श्रेणी में आता है।इसी दिन दिल्ली में इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी सुबह भी दर्ज की गई। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
58 निगरानी केंद्रों में AQI की स्थिति
इससे पहले 31 अक्टूबर को दिल्ली का AQI 117 दर्ज किया गया था, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है।
17 नवंबर को आंकड़े दर्ज करने वाले दिल्ली के 58 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों की स्थिति इस प्रकार रही
31 केंद्रों पर वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में रही
26 केंद्रों पर वायु गुणवत्ता 'मध्यम' दर्ज की गई
1 केंद्र, सिरीफोर्ट में AQI 303 रहा, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है
दिवाली से पहले और बाद में भी खराब रही हवा
नवंबर के अधिकांश दिनों में दिल्ली धुंध की चपेट में रही और प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ दर्ज किया गया। दिवाली से पहले और बाद, दोनों ही अवधि में राजधानी की वायु गुणवत्ता खराब हुई।मंगलवार को AQI 204 दर्ज होने से लंबे समय से खराब हवा का सामना कर रहे लोगों को कुछ राहत मिली। हालांकि, शहर में पीएम 2.5 प्रमुख प्रदूषक बना रहा।