कोलकाता: कोलकाता में जलापूर्ति की समस्या दूर करने के लिए रेलवे और कोलकाता नगर निगम ने संयुक्त पहल की है। कोलकाता स्टेशन के ताला इलाके में 72 इंच की मुख्य जलापूर्ति पाइपलाइन की आपातकालीन मरम्मत की योजना बनाई गई है। इस सिलसिले में बुधवार, 18 नवंबर को सियालदह डीआरएम कार्यालय में रेलवे और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता सियालदह मंडल के डीआरएम राजीव सक्सेना ने की।
पाइपलाइन में लीकेज से प्रभावित हुआ था रेल परिचालन
दरअसल, पिछले सप्ताह ताला पंपिंग स्टेशन की 72 इंच की जलापूर्ति पाइपलाइन में लीकेज हो गया था। इसके कारण कोलकाता स्टेशन परिसर में पानी भर गया और ट्रेनों की आवाजाही पर भी व्यापक असर पड़ा था। बैठक में इस घटना और उससे पैदा हुई परेशानियों पर विस्तार से चर्चा की गई। दोनों विभागों ने समस्या का स्थायी समाधान निकालने पर जोर दिया।
कोलकाता यार्ड में होगा मरम्मत का काम
बैठक के दौरान कोलकाता नगर निगम की ओर से क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का प्रस्ताव पेश किया गया। इसके तहत कोलकाता यार्ड में सर्कुलर लाइन और स्टेबलिंग लाइन के बीच स्थित पाइपलाइन के हिस्से में काम किया जाएगा। इस कार्य के लिए नगर निगम ने रेलवे से आवश्यक अनुमति मांगी है।
रेलवे देगा ट्रैफिक ब्लॉक और तकनीकी सहयोग
नगर निगम के अधिकारियों ने मरम्मत से जुड़ी तकनीकी व्यवस्था, कार्यप्रणाली और समस्या के समाधान के लिए विस्तृत कार्ययोजना सौंपने पर सहमति जताई है। वहीं, रेलवे की ओर से आवश्यक ट्रैफिक ब्लॉक उपलब्ध कराकर मरम्मत कार्य की अनुमति देने का आश्वासन दिया गया है। कोशिश होगी कि रेलवे ट्रैक की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए ट्रेन परिचालन में न्यूनतम बाधा आए।
समय पर काम पूरा करने पर दोनों विभागों का जोर
बैठक में रेलवे और नगर निगम के अधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ मरम्मत कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर सहमति जताई। दोनों पक्षों का मानना है कि बेहतर तालमेल से इस समस्या का प्रभावी समाधान निकाला जा सकता है। रेलवे ने इस काम में नगर निगम को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिया है।
यात्रियों की सुविधा रेलवे की प्राथमिकता : राजीव सक्सेना
सियालदह मंडल के डीआरएम राजीव सक्सेना ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और ट्रेनों का निर्बाध परिचालन रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की जलापूर्ति से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए कोलकाता नगर निगम को रेलवे की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।