भोपाल | मध्य प्रदेश के सिवनी में वायरल वीडियो प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त कार्रवाई की है। मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने एएसपी (ASP), एसडीओपी (SDOP) सहित छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराने को भी कहा है।
वायरल वीडियो में संदिग्ध आचरण सामने आने पर कार्रवाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुताबिक, सिवनी के वायरल वीडियो प्रकरण में प्रथम दृष्टया पुलिसकर्मियों का संदिग्ध आचरण सामने आया है। इसके बाद एएसपी, एसडीओपी समेत छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके और जिम्मेदारी तय की जा सके।
पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं: CM
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता और कदाचार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाले प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी से अपेक्षा की जाती है कि वह जिम्मेदारी, मर्यादा और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे।
कदाचार पर सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार कदाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सिवनी के इस प्रकरण में छह पुलिसकर्मियों का निलंबन और विस्तृत जांच के निर्देश पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार की सख्ती को दर्शाते हैं।